
लाइफस्टाइल डेस्क। दवा या किसी नशीले पदार्थ की तय मात्रा से अधिक सेवन होने पर स्थिति तेजी से गंभीर हो सकती है। ओवरडोज के मामलों में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।
मरीज के व्यवहार में अचानक बदलाव, अत्यधिक नींद, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी या शरीर में असामान्य हरकत जैसे संकेतों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे समय में घरेलू उपचार या मरीज के सामान्य होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है।
ओवरडोज केवल नशीले पदार्थों के सेवन से ही नहीं होता, बल्कि डाॅक्टर द्वारा बताई गई मात्रा से अधिक दवा लेने, अलग-अलग दवाओं को बिना सलाह साथ लेने या गलती से दोबारा खुराक ले लेने से भी समस्या हो सकती है।
खासकर दर्द, नींद और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ दवाओं में अतिरिक्त खुराक गंभीर प्रभाव डाल सकती है। बच्चों में गलती से दवा का सेवन भी आपात स्थिति पैदा कर सकता है।
ओवरडोज में व्यक्ति को अत्यधिक नींद आ सकती है और वह आवाज देने या हिलाने पर भी ठीक से प्रतिक्रिया नहीं करता। कुछ मामलों में सांस बहुत धीमी, अनियमित या बंद होने जैसी स्थिति बन सकती है। होंठ या त्वचा का रंग नीला पड़ना, उल्टी, भ्रम की स्थिति, दौरे पड़ना, अत्यधिक पसीना या शरीर का ढीला पड़ जाना भी गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय गंवाए बिना आपात चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
शक्ति सिंघल एनेस्थीसिया विशेषज्ञ जीआरएमसी का कहना है कि ओवरडोज के मामले में मरीज की स्थिति कभी भी तेजी से बिगड़ सकती है। यदि व्यक्ति को जगाने में परेशानी हो रही है, सांस सामान्य नहीं है या वह बेहोशी की स्थिति में है तो इसे सामान्य नींद समझकर छोड़ना खतरनाक हो सकता है। तुरंत चिकित्सा सहायता लें और मरीज को अकेला न छोड़ें। डाक्टर को यह जानकारी देना भी जरूरी है कि कौन-सी दवा या पदार्थ, कितनी मात्रा में और लगभग कितने समय पहले लिया गया है।
अत्यधिक नींद आना या बेहोशी।
आवाज देने पर प्रतिक्रिया कम होना या बिल्कुल न होना।
सांस का बहुत धीमा, तेज या अनियमित होना।
होंठ या त्वचा का नीला या असामान्य रंग होना।
भ्रम, बेचैनी या व्यवहार में अचानक बदलाव।
लगातार उल्टी या शरीर का ढीला पड़ जाना।
दौरे पड़ना या शरीर में असामान्य हरकत।
बहुत अधिक पसीना आना या शरीर का तापमान असामान्य होना।
तुरंत मदद लें: मरीज को अकेला न छोड़ें और तत्काल आपात चिकित्सा सहायता प्राप्त करें।
सांस पर नजर रखें: मरीज की सांस सामान्य है या नहीं, यह देखते रहें।
करवट लिटाएं: यदि व्यक्ति बेहोश है लेकिन सांस ले रहा है, तो उसे सुरक्षित करवट की स्थिति में रखें, ताकि उल्टी होने पर सांस की नली में जाने का खतरा कम हो।
जानकारी सुरक्षित रखें: दवा की स्ट्रिप, बोतल या पैकेट को साथ रखें, ताकि चिकित्सक को सही जानकारी मिल सके।
समय बताएं: डॉक्टर को बताएं कि पदार्थ या दवा कब और कितनी मात्रा में ली गई थी।
जबरन उल्टी न कराएं: इससे उल्टी फेफड़ों में जाने का खतरा हो सकता है।
मुंह से कुछ न खिलाएं-पिलाएं: बेहोश व्यक्ति को पानी, दूध, चाय या कोई दूसरी दवा देने से बचें।
मरीज को अकेला न छोड़ें: उसकी हालत अचानक बिगड़ सकती है।
खुद से दूसरी दवा न दें: किसी अन्य दवा से प्रभाव को रोकने का प्रयास न करें, जब तक चिकित्सक इसकी सलाह न दें।
इलाज में देरी न करें: यह सोचकर इंतजार न करें कि मरीज कुछ देर में अपने आप ठीक हो जाएगा।