विश्व पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ को बड़ा तोहफा, हाईवे पर बनेंगे 'हाईटेक वे-साइड एमिनिटीज सेंटर'; डोमिनोज-KFC के साथ मिलेगा छत्तीसगढ़ी स्वाद!
विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर 2026) के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने राज्य के प्रमुख राजमार्गों- रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा प...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 12:29:16 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 12:29:16 PM (IST)
छत्तीसगढ़ के प्रमुख राजमार्गों पर PPP मॉडल से बनने वाले हाईटेक यात्री सुविधा केंद्र। (फाइल फोटो)HighLights
- विश्व पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का बड़ा तोहफा
- सेंटर्स पर यात्रियों के लिए पेट्रोल पंप, ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन
लाइफस्टाइल डेस्क। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने प्रदेश में पर्यटन और सड़क यात्रा (Road Travel) को विश्वस्तरीय बनाने के लिए एक बड़ी योजना का प्लान तैयार किया है। राज्य के प्रमुख हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों और पर्यटकों को अब रास्ते में आधुनिक शहरों जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी।
पर्यटन मंडल रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर 'हाईटेक वे-साइड एमिनिटीज सेंटर' (यात्री सुविधा केंद्र) बनाने जा रहा है।
एक ही परिसर में मिलेंगी ये सभी अत्याधुनिक सुविधाएं
इन वे-साइड सेंटरों को सर्वसुविधायुक्त मल्टीप्लेक्स मॉडल पर तैयार किया जाएगा, जहां यात्रियों को यह सभी सुविधाएं एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी-
- ईवी चार्जिंग और फ्यूल: इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के लिए 'ईवी चार्जिंग स्टेशन' और पारंपरिक वाहनों के लिए 'पेट्रोल पंप'।
- पार्किंग: कारों, टूरिस्ट बसों और भारी वाणिज्यिक वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था।
- स्वच्छता सुविधा: यात्रियों के लिए 24/7 साफ-सुथरे और हाइजीनिक शौचालय।
- रेस्ट रूम: लंबी दूरी के सफर के दौरान यात्रियों के सुस्ताने और आराम करने के लिए सुरक्षित स्थान।
फूड कोर्ट: ब्रांडेड पिज्जा-बर्गर के साथ महकेगा 'छत्तीसगढ़ी स्वाद'
इन सुविधा केंद्रों का मुख्य आकर्षण विशाल फूड कोर्ट होगा-
- ब्रांडेड आउटलेट्स: अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय ब्रांड्स जैसे डोमिनोज (Domino's), पिज्जा हट (Pizza Hut) और केएफसी (KFC) के आउटलेट्स लाने की योजना है।
- पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन: देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राज्य के पारंपरिक स्वादों से परिचित कराने के लिए स्थानीय व्यंजनों के विशेष स्टॉल्स होंगे। यहां चीला, फरा, ठेठरी, खुरमी, चौसेला, बोरे-बासी, देहरौरी और अंगाकर रोटी जैसे प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे जाएंगे।
पीपीपी (PPP) मॉडल पर होगा निर्माण और संचालन
- पारदर्शी प्रक्रिया: पर्यटन मंडल द्वारा सीधी हाईवे कनेक्टिविटी और पर्याप्त भूमि वाले स्थानों का चयन किया जा रहा है।
- सार्वजनिक-निजी भागीदारी: योजना पीपीपी (Public-Private Partnership) मॉडल पर आधारित होगी। पर्यटन मंडल भूमि और गुणवत्ता के मानक तय करेगा, जबकि निजी भागीदार निवेश कर सेंटर का निर्माण, संचालन और रखरखाव करेंगे।
पर्यटन मंडल- सभी सुविधाएं दी जाएंगी
पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव को लेकर पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल चौबे ने कहा- रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे प्रमुख मार्गों पर वे-साइड एमिनिटीज सेंटर बनाए जाएंगे। एक ही जगह पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग, ब्रांडेड व छत्तीसगढ़ी खाने का फूड कोर्ट और साफ-सुथरे शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। ये सेंटर पीपीपी मॉडल पर बनाए और संचालित किए जाएंगे, जिनके मानक पर्यटन मंडल तय करेगा।
यह भी पढ़ें- कभी स्मोकिंग नहीं किया? फिर भी इन चीजों से आपके फेफड़ों को पहुंच सकता है नुकसान!