
इछावर(निप्र)। क्षेत्र में वायरल बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों को प्रकोप तेजी से फैल रहा है। इसकी चपेट में आकर पिछले चार दिन में तीन मरीजों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग बीमार हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा बीमारी की रोकथाम के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए हैं। हालांकि शनिवार शाम को सीएमएचओं, बीएमओ सहित कई अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर मैदानी अमले को बीमारी के नियत्रंण के लिए दिशा निर्देश दिए, लेकिन अमले द्वारा किए जा रहे प्रयास बीमारी को रोकने में कारगर साबित नहीं हो पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार को गांव उमरखाल में वायरल बुखार से बालक की मौत हो गई है। क्षेत्र में पिछले चार दिन में बीमारियों के चलते यह तीसरी मौंत है। इससे पहले गुरुवार को रतनसिंह की 14 वर्षीय पुत्री दुर्गा की वायरल बुखार से इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके दूसरे दिन शुक्रवार को झरखेड़ा गांव में विवाहित महिला उर्मिला 25 वर्ष की भी मौत हो गई । इसके बाद रविवार को प्रात 4 बजे उमरखाल गांव में नारायण सिंह के 5 वर्षीय पुत्र नितेश की भी बुखार से मौत हो गई । नारायण सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम को बेटे को बुखार आई थी। इस पर बालक को एक डॉक्टर से इलाज करवाया गया, लेकिन रात में फिर उसकी तबीयत बिगड़ गई दोबारा डॉक्टर के पास लेकर गए। जब इलाज करवाकर लौट रहे थे कि रास्ते में ही बालक ने दम तोड़ दिया।
उमरखाल गांव में 70 मरीजों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
रविवार को डॉ आरएस वर्मा के नेतृत्व में एक टीम उमरखाल गांव पहुंची । इस दौरान डॉ वर्मा द्वारा करीब 70 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाईयों का वितरण किया गया । इस संबध में डॉ वर्मा ने बताया कि उक्त गांव में सर्वाधिक मरीज ज्वाइंट में दर्द और हाथ पैर में जकड़न और बुखार से पीड़ित पाए गए हैं। यहां मलेरिया का कोई भी पाजीटिंव मरीज नहीं मिला है।