नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। नाबालिग के साथ दुष्कर्म और फिर निजी अस्पताल में गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित और दो डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि सोंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब चार महीने पहले किशोरी से दुष्कर्म किया गया था।
आरोपित ने पीड़िता को धमकाया था कि किसी को भी इस बात की जानकारी दी तो वह जान से मार देगा। इस पर पीड़िता चुप रही। इस बीच वह गर्भवती हो गई। उसने स्वजन को जानकारी दी। स्वजन 18 जून को किशोरी को आलीराजपुर में स्थित जनरल हॉस्पिटल ले गए। यहां डॉ. प्रवीण सोलंकी और डॉ. अफसर पठान ने उसका गर्भपात करा दिया। 21 जून को पीड़िता ने साहस कर सोंडवा थाना पुलिस को मामले की शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपित युवक और गर्भपात कराने वाले दोनों डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अस्पताल के उस कक्ष को भी सील कर दिया गया है, जहां गर्भपात कराया गया था। अब अस्पताल के अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उधर, एसपी व्यास ने सीएमएचओ को अस्पताल के पंजीयन, अन्य दस्तावेज सहित डाक्टरों की डिग्री की जांच को कहा है।
इसे भी पढ़ें... पुलिस की महिलाओं से बदसलूकी, सतना में वृद्धा को थप्पड़ तो पन्ना में महिला का बाल पकड़कर खींचा