
Alirajpur News: आलीराजपुर, कट्ठीवाड़ा। क्षेत्र में एक अजीब सा प्राणी दिखने की अफवाह पर दहशत फैल गई है। कई लोगों का दावा है कि उन्होंने एक ऐसा प्राणी देखा है जिसका चेहरा जानवरों सा और शरीर इंसानों जैसा है।
जांच करवा रहे अधिकारी
मामले की सूचना प्रशासन को भी मिली है। अफसर इसकी जांच करा रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि यह वन अथवा शराब माफियाओं की हरकत हो सकती है, ताकि जंगल में लोगों का आना-जाना कम हो जाए।
ग्रामीणों ने किया दावा
ग्रामीणों का दावा है कि कवछा क्षेत्र में 28 अक्टूबर को पहली बार इस तरह का प्राणी देखा गया। कई लोगों ने उसे देखने का दावा किया है। डुंगरी माता क्षेत्र के सेवादार ने भी यहां ऐसा प्राणी दिखने का दावा किया है।
नजर आते ही हुआ विलुप्त
हवेलीखेड़ा क्षेत्र में भी इस प्राणी के देखे जाने की बात कही जा रही है। लोगों का कहना है कि नजर आते ही यह प्राणी तेजी से विलुप्त हो गया। इंटरनेट मीडिया पर कथित प्राणी के पदचिह्न भी शेयर किए जा रहे हैं। इस संबंध में तहसीलदार सविता राठी ने बताया कि वन विभाग के माध्यम से जांच कराई जा रही है।