
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। जिले में गुरुवार को कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए नकाबपोश बदमाशों ने गोवा पुलिस के वाहन पर जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला उस समय हुआ जब गोवा पुलिस नकबजनी के वांटेड आरोपित को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड के लिए जोबट न्यायालय ले जा रही थी।
हमले में गोवा पुलिस के सब इंस्पेक्टर सीताराम मलिक व आरक्षक प्रवीण पाटील घायल हो गए, जबकि आरोपित को छुड़ाने की साजिश नाकाम रही।गोवा पुलिस की टीम गुरुवार को बोरी थाना क्षेत्र के निवासी हीरा सिंह नामक आरोपित को गिरफ्तार करने आलीराजपुर पहुंची थी। इस संबंध में गोवा पुलिस द्वारा पूर्व में स्थानीय पुलिस को सूचना भी दी गई थी।
आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद गोवा पुलिस उसे टैक्सी वाहन से जोबट कोर्ट ले जा रही थी। इसी दौरान बोरी-जोबट मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपित के पांच-छह नकाबपोश साथियों ने मोटरसाइकिलों से रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पहले पुलिस वाहन के कांच पत्थरों से तोड़े और फिर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में गोवा पुलिस के सब इंस्पेक्टर और एक आरक्षक को गंभीर चोटें आईं। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए, हालांकि वे आरोपित हीरा सिंह को छुड़ाने में सफल नहीं हो सके।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीमें गठित कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि आरोपित हीरा सिंह गोवा में नकबजनी की तीन वारदातों में वांटेड है। उसी को गिरफ्तार करने पुलिस आलीराजपुर आई थी। आरोपित को छुड़ाने की नीयत से उसके समर्थकों ने पुलिस वाहन पर हमला किया। उन्होंने बताया कि अब तक पांच आरोपितों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एडिशनल एसपी प्रदीप पटेल ने बताया कि शुक्रवार सुबह से बोरी थाना क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक स्वयं बोरी थाना क्षेत्र के गांव बेहडिया और धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव करचट में पैदल सर्चिंग कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन्हीं गांवों के आरोपितों द्वारा गोवा पुलिस की गाड़ी पर हमला किया गया था।
हमले के बावजूद गोवा पुलिस ने साहस दिखाते हुए आरोपित हीरा सिंह को सुरक्षित जोबट न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया गया। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े पुलिस पर हमला अपराधियों के बढ़ते हौसले और सुरक्षा की गंभीर चुनौती को दर्शाता है।