
नईदुनिया प्रतिनिधि, अलीराजपुर। जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस जनरल वार्ड के बेड पर मरीजों का इलाज होना चाहिए, वहां एक बीमार और आवारा कुत्ता मजे से सोता हुआ नजर आया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कुत्ते के बाल झड़े हुए थे और वह दोपहर 12 बजे तक वहीं मौजूद था।
हैरानी की बात यह है कि किसी ने उसे बाहर निकालने की जहमत नहीं उठाई। वहीं, पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश वास्केल ने चेतावनी दी है कि ऐसे संक्रमित कुत्तों से इंसानों और बच्चों में गंभीर चर्म रोग (स्केबीज) फैल सकता है। यह घटना अस्पताल की सुरक्षा और सफाई पर गंभीर सवाल उठाती है।