
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की ग्राम पंचायत कवटू में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने एक तेंदुए को गांव के खुले कुएं में गिरा देखा। राहत की बात यह रही कि समय रहते वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
ग्रामीण राकेश के अनुसार, रविवार रात यह तेंदुआ जंगल से रास्ता भटककर आबादी वाले इलाके में आ पहुंचा था। पास के ही एक घर से मुर्गे का शिकार करने के बाद जब वह भागने की कोशिश कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण खुले कुएं में जा गिरा।
सोमवार सुबह कुएं में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही जोबट वन परिक्षेत्राधिकारी सुनील मुजाल्दे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने बेहद सावधानी और सूझबूझ से रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाल लिया। अधिकारियों का कहना है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलते ही तेंदुए को उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया जाएगा।
घटना के बाद वन विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इलाके में पहले भी तेंदुओं की मौजूदगी दर्ज की गई है और वे इंसानों पर हमला भी कर चुके हैं। इसलिए ग्रामीण सुरक्षा के नियमों का पालन करें और सतर्क रहें।