आलीराजपुर/बड़ी खट्टाली (नईदुनिया)। जगत के नाथ जैसे ही पालकी में विराजमान होकर भ्रमण पर निकले ढोल-नंगाड़े गूंज उठे। प्रभु की एक झलक को आतुर असंख्य भक्तों को जैसे ही परमप्रिय भगवान के दर्शन हुए उल्लास छलक उठा। भावविभोर श्रद्घालु बोले- जगत के नाथ के दिव्य दर्शन कर धन्य हो गए। ऐसा पल जीवन में दूजा नहीं हो सकता।
अवसर था भगवान चारभुजानाथ के धाम के रूप में प्रसिद्घ ग्राम खट्टाली में डोल ग्यारस के अवसर पर आस्था के उत्सव का। भगवान को प्रिय एकादशी पर यहां दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी हुआ। सुबह मंगला आरती कर श्रद्घालुओं ने प्रभातफेरी निकाली। पश्चात धाम पर धर्म ध्वजा फहराई गई। इसके बाद भगवान को छप्पन पकवानों का भोग लगाया गया। दोपहर 12 बजे भोग आरती की गई। बड़ी संख्या में आस्थावानों ने इसमें भाग लिया। पूरा मंदिर इस अवसर पर उत्सव से सराबोर नजर आया। नाथ के धाम को खासतौर पर फूलों से सजाया गया था। दिव्य पोशाक में सजे प्रभु चारभुजा की आभा देखते ही बन रही थी।
गुजरात के 42 श्रद्घालुओं का पैदल जत्था आया
उत्सव में सम्मिलित होने के लिए हाथों में धर्मध्वजा थाम गुजरात के पंचमहल जिले के लिमखेड़ा से 42 श्रद्घालुओं का जत्था यहां पैदल आया। जैसे ही पैदल यात्रियों ने ग्राम में प्रवेश किया, स्थानीय भक्तों ने भावभीना स्वागत किया।
जब नाथ नगर में निकले.... गूंजते रहे जयकारे, आस्था ने बरसाए फुल
शाम को भगवान डोल में विराजित होकर निकले। इस दौरान निरंतर भगवान के जयकारे गूंजते रहे। यात्रा मार्ग में भक्तों ने पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया। नाथ ने छह रूपों में भक्तों को दर्शन देकर उन्हें निहाल कर दिया। शोभायात्रा में दो अश्व अगवानी करते हुए चल रहे थे। इन पर युवा शुभम जैन, डा. अर्जुनसिंह राठौड़ सवार थे। कार्यक्रम को देखते हुए एसडीएम श्यामवीर सिंह नरवरिया, तहसीलदार आलोक वर्मा, एसडीओपी दिलीप सिंह बिलवाल ने व्यवस्था का जायजा लिया।
हथिनी नदी के जल से किया भगवान का अभिषेक
शाम करीब छह बजे चल समारोह हथिनी किनारे पहुंचा। यहां भगवान का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान किनारों पर खड़े श्रद्घालु इस जल कीड़ा के जल को स्वयं पर छिड़क धन्य अनुभव कर रहे थे। जलाभिषेक के पश्चात आरती हुई व बालम ककड़ी का प्रसाद बांटा गया। रात्रि करीब 8.30 बजे मंदिर प्रांगण में डोल पहुंचने पर महाआरती की गई। पश्चात फलाहारी खिचड़ी का वितरण किया गया। पर्व पर आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, पूर्व विधायक सुलोचना रावज, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित कई गणमान्यजन यहां पहुंचे तथा शीश नवाया।