चंद्रशेखर आजादनगर(नईदुनिया न्यूज)। अमर शहीद आजाद की नगरी शुक्रवार को धर्म के रंग में रंगी नजर आई। नगर के राजा राम यहां सीता माता, अनुज लक्ष्मण और हनुमानजी के साथ प्रजा का हाल जानने के लिए निकले। राजा राम के नगर में प्रवास को लेकर भक्तों ने खास तैयारियां की थीं। हर कहीं आस्था का उल्लास नजर आ रहा था। तोप और आतिशबाजी की गूंज राजा के आगमन की सूचना दे रही थी। भक्तों ने मार्ग में फूल बिछाकर अपने राजा का स्वागत किया।
आजादनगर में राजा राम के मंदिर का पहला स्थापना दिवस मनाया गया। इसके लिए पांच दिवसीय कार्यक्रम किया गया। समापन पर नगर में शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकली। इसमें मुख्य रूप से बालीपुर धाम के संत योगेशजी महाराज शामिल हुए। यात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर सोनी मोहल्ला, बैरियर, बस स्टैंड, नया बाजार होते हुए पुनः राम मंदिर पहुंची। समापन पर रामलला की भव्य आरती की गई। पश्चात करीब पांच हजार से अधिक लोगों ने यहां प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान राम मंदिर समिति प्रमुख माधोसिंह डावर, यजमान पुष्पाबेन नंदलाल, अयोध्याबेन सुंदरलाल, अन्नपूर्णा चंदूलाल जायसवाल, नगर परिषद अध्यक्ष निर्मला डार, निर्मल जायसवाल, नितिन शाह, राजाराम पाटिल, मनीष शुक्ला, अभिजीत डावर, धर्मेंद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे। आयोजन में आजादनगर सहित आसपास के नगर, कस्बे व ग्राम के श्रद्घालु भी शामिल हुए।
हनुमान मंदिर में विराजेंगे गौरीपुत्र गणेश
गणेश मंदिर स्थापना कार्यक्रम के मुख्य यजमान रामेश्वर हीरालाल पांचाल ने बताया कि शुक्रवार को नगर में श्री रिद्घि-सिद्घि एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा निकाली गई है। हनुमान मंदिर के पुजारी रामचरणदासजी महाराज ने बताया कि शनिवार को प्रातः पूजन, यज्ञ, पुश्पाधिवास, शयनाधिवास विधि की जाएगी। रविवार को पूजन, यज्ञ, प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाआरती एवं महाप्रसादी के साथ भगवान गणेश को पांच हजार 100 मोतीचूर के लड्डूू को भोग अर्पित किया जाएगा।