
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बयडा में मंगलवार को उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। निजी स्कूल परिसर में आदिवासी समाज के 'बड़वे खेलने' के कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
विवाद के दौरान उपद्रवियों ने स्कूल बस, ट्रैवलर वाहन और कई बाइक में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बोरी थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि अपराधियों में कानून का डर दिखाई नहीं देता।
यह भी पढ़ें- एमपी को मिलेगी नई उड़ानों की सौगात, 9 अगस्त से शुरू होगी रीवा-कोलकाता और रीवा-भोपाल विमान सेवा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल विवाद के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।