
नईदुनिया प्रतिनिधि,अनूपपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेंद्रग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 211 किलो 99 ग्राम गांजा जब्त किया है।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 19 हजार 900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डस्टर कार क्रमांक सीजी 16 सीए 9735 सहित एक मोबाइल फोन और पर्स भी जब्त किया है। पुलिस को देखकर कार सवार अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।
राजेंद्रग्राम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो कारें तेज रफ्तार से अमरकंटक की ओर से राजेंद्रग्राम की तरफ आ रही हैं। इनमें मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने ग्राम अचलपुर के पास डस्टर कार क्रमांक सीजी 16 सीए 9735 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कार सवार खेतों की ओर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें कुल 211 किलो 99 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज करते हुए विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में तस्करी के नेटवर्क तथा गांजे की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आयुष्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : जबलपुर ले जाते डिंडौरी के आदिवासी ग्रामीणों से भरी बस पकड़ी