
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। जिले के थाना कोतमा अंतर्गत खोड़री गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों एवं मृतकों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यह घटना ग्राम पंचायत भवन के ठीक सामने झीक बिजुरी मुख्य मार्ग पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त एक बाइक पर चार और दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। इनमें एक बाइक पर महिला, पुरुष और दो बच्चे बैठे थे। बताया जा रहा है कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। दो बाइकों पर कुल सात लोग सवार होने के कारण टक्कर काफी गंभीर हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में ऋषि 3 वर्ष और खुमान सिंह 30 वर्ष दोनों निवासी ग्राम छतई थाना कोतमा शामिल हैं। इसी तरह घटना में एक अज्ञात युवक की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतकों में एक मासूम बच्चे के शामिल होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे में घायल हुए लोगों में ज्योति अगरिया 24 वर्ष ग्राम छतई, हंसराज सिंह 30 वर्ष निवासी निमहा, रितिक 5 वर्ष निवासी छतई और हन सिंह 3 वर्ष शामिल हैं। बताया गया कि घायलों की स्थिति ऐसी है कि वे फिलहाल बोलने की हालत में नहीं हैं। कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।