अभय कुमार वर्मा बने अशोकनगर के कलेक्टर, प्रियंका दास का तबादला
उपचुनाव की आचार संहिता के दौरान हटाए गए थे कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 11 Nov 2020 08:39:32 PM (IST)
Updated Date: Wed, 11 Nov 2020 08:39:32 PM (IST)

अशोकनगर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से विभिन्न प्रकार की शिकायतें की गईं थीं, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने अशोकनगर के तत्कालीन कलेक्टर अभय कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया को यहां से हटा दिया था। वर्मा के स्थान पर वर्ष 2009 बैच की आइएएस प्रियंका दास को अशोकनगर का नया कलेक्टर बनाया गया था। अब चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शासन ने अभय वर्मा को फिर से अशोकनगर जिले का कलेक्टर बना दिया है।
बुधवार को अभय वर्मा को अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन से पुन: कलेक्टर जिला
अशोकनगर के पद पर पदस्थ किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं, जबकि निर्वाचन
आयोग के निर्देश पर शासन की ओर से प्रियंका दास को कलेक्टर अशोकनगर बनाकर भेजा गया था। बुधवार को जारी हुए इस आदेश में उन्हें प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम भोपाल पदस्थ किया है। मालूम हो, कि यह दूसरा मौका है, जब किसी कलेक्टर की दूसरी बार अशोकनगर में पदस्थापना की गयी है। इससे पहले वर्ष 2018 के चुनाव में तत्कालीन कलेक्टर बीएस जामोद को अशोकनगर से स्थानांतरित किया गया था। उसके बाद उन्हें पुन: अशोकनगर जिले का कलेक्टर बनाया था। अशोकनगर कलेक्टर के साथ एसपी का भी स्थानांतरण किया गया था, लेकिन अभी एसपी के संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा कोई आदेश जारी नहीं किए गए है। संभावना है कि वह भी अशोकनगर जिले में एसपी के पद पर पुन: पदस्थ होंगे।