यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ashoknagar News: चंदेरी में कार्रवाई करने पहुंचे बिजलीकर्मियों से ग्रामीणों ने की मारपीट, गाड़ी के कांच फोड़े
हिरावल गांव की घटना। बिजली चोरी कर चलाई जा रही पानी की मोटरें जब्त करने पहुंची थी टीम। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 12 Apr 2023 02:43:04 PM (IST)Updated Date: Wed, 12 Apr 2023 02:43:04 PM (IST)

अशोकनगर, नवदुनिया प्रतिनिधि। जिले के चंदेरी विकासखंड के हिरावल गांव में अवैध रूप से चल रही विद्युत मोटरो को जब्त करने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों पर ग्रामीणों ने लाठी एवं पत्थर से हमला बोल दिया। ग्रामीणों के इस हमले में तीन कर्मचारियों को चोटें आई हैं। इस दौरान उनकी गाड़ी के कांच भी फूट गए हैं। बिजली विभाग की टीम के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मी ने हवाई फायर कर ग्रामीणों को खदेड़ा और अधिकारियों को बचाया। इस मामले की शिकायत चंदेरी थाना में की गई है, जहां शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण कंपनी के जेई नरेंद्र ठाकरे, एई आसिफ इकबाल एवं लाइनमैन हिरावल गांव में गए थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि यहां खेतों में अवैध रूप से मोटर चलाई जा रही हैं। टीम के द्वारा पांच मोटरों को भी इस दौरान जब्त किया गया। जब यह टीम वापस लौटने लगी तो ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। सबसे पहले लाइनमैन के साथ मारपीट की। इसके बाद टीम के अन्य लोगों के साथ भी गाली गलौज के साथ ही डंडों से हमला किया गया है। जिस गाड़ी में टीम कार्रवाई करने गई थी, उसके कांच भी पत्थर मारकर तोड़ दिए हैं।
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है,कि अगर सुरक्षाकर्मी ने हवाई फायर करके उन्हें नहीं बचाया होता तो स्थिति कुछ और गंभीर हो सकती थी। इस दौरान जो मोटर बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने जब्त की थी, ग्रामीण उनको भी छुड़ा ले गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची और अधिकारियों को थाने लेकर आई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।