
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सिटी कोतवाली में पदस्थ महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा रघुवंशी का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह रोते हुए अपनी शारीरिक परेशानी और विभागीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने की बात कहती नजर आ रही हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मेडिकल स्थिति को देखते हुए फील्ड ड्यूटी के बजाय ऑफिस ड्यूटी देने और पिछले पांच महीने से रुका वेतन जारी करने की गुहार लगाई है।
पूजा रघुवंशी के अनुसार, एक कार दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद उन्हें करीब एक वर्ष तक बेड रेस्ट पर रहना पड़ा। उनका कहना है कि पिछले सात-आठ महीनों से दर्द काफी बढ़ गया है और वह लगातार उपचार करा रही हैं। इसी वजह से वह कई महीनों से मेडिकल लीव पर हैं।
महिला SI का आरोप है कि उन्होंने अशोकनगर के पुलिस अधीक्षक से लेकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) तक कई बार व्यक्तिगत रूप से जाकर अपनी समस्या बताई। उन्होंने डॉक्टरों की सलाह और अपनी मेडिकल स्थिति का हवाला देते हुए अस्थायी रूप से ऑफिस ड्यूटी दिए जाने की मांग की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका दावा है कि पिछले करीब पांच महीने से वेतन भी रोक दिया गया है।
वीडियो में पूजा रघुवंशी भावुक होकर कहती हैं कि वह ड्यूटी से बचना नहीं चाहतीं, बल्कि अपनी शारीरिक स्थिति के कारण फिलहाल ऐसी जिम्मेदारी चाहती हैं जिसे वह निभा सकें। उनका कहना है कि लगातार हो रही अनदेखी से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि महिला SI के आरोपों पर अशोकनगर पुलिस प्रशासन और पुलिस मुख्यालय की ओर से क्या संज्ञान लिया जाता है और उनकी मेडिकल स्थिति एवं वेतन संबंधी समस्या का समाधान कब तक होता है।