
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। लाड़ली बहनों को अंडा, मुर्गा-मछली खाने की सलाह देने वाले बालाघाट के लांजी से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे ने अब बैगा आदिवासियों को लेकर विवादित बयान दिया है। बुधवार को मलाजखंड के करहू में भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बैगा क्षेत्रों में नौजवान, छोटे बच्चे शराब पी रहे हैं। बैगाओं को पांच लीटर कच्ची शराब बनाने का अधिकार प्राप्त है। सरकार को इसे समाप्त कर देना चाहिए, क्योंकि इसी नशे के कारण बैहर क्षेत्र के बैगा आदिवासी बीमार हो रहे हैं और झाड़फूंक के चक्कर में पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि बैगा कच्ची शराब बनाते हैं और दिनभर नशे में रहते हैं। रात में भी कच्ची शराब पीकर घर में दोपहर का बना हुआ खाना खा लेते हैं। वे पत्ते से खाना ढंककर रखते हैं, जिसे खुद भी खाते हैं और बच्चे को भी खिला देते हैं। रात में कितने मच्छर-कीड़े काट रहे हैं, इसका उन्हें कोई गम नहीं होता। विधायक ने कहा कि बीमारी के बाद झाड़फूंक के चक्कर में रहने से बच्चों को सही उपचार नहीं मिल पाया और कई बच्चों की जान चली गई।
मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश धुर्वे ने कर्राहे के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को ये अधिकार समाप्त करना चाहिए। वहीं बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके ने कहा कि बैगा अंचल में बच्चों की मौत को शराब से जोड़कर सरकार अपनी कमियां छिपाना चाहती है। बैगा समाज को ये अधिकार पारंपरिक प्रथाओं के कारण मिला है। कर्राहे का बयान उनकी मानसिकता को दर्शा रहा है।
लाड़ली बहना योजना के पैसों से महिलाओं को अंडा, मुर्गा-मछली खाने की सलाह देने वाले विधायक कर्राहे ने कहा कि उन्होंने हंसी-मजाक में बात कही थी, लेकिन वह अपने बयान पर कायम हैं। सार्वजनिक मंचों से यह बात कहते रहेंगे। उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा। कांग्रेस उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश कर रही है।