
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बैहर-बिरसा ब्लाक के बैगा अंचलों में बच्चों की मौत मामले में बैहर विधायक संजय उइके ने 43 बच्चों की मृत्यु होने का दावा किया है। विधायक ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस संबंध में विस्तृत श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है।
विधायक ने बताया कि इनमें से 28 मृत बच्चों के परिवारों को सहायता राशि मिली है, जबकि 15 परिवार अभी भी सहायता से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि सभी 43 बच्चों की ग्रामवार एवं परिवारवार सूची तैयार की जाए और शेष 15 परिवारों को भी सहायता राशि दी जाए। उन्होंने प्रत्येक बच्चे की मृत्यु का आधिकारिक कारण सार्वजनिक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विधायक ने श्वेतपत्र में बैगा बच्चों की स्वास्थ्य, कुपोषण, उपचार व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति को उजागर करने की मांग की। इसमें वर्ष 2026 में बैगा बच्चों की मृत्यु संख्या, मेडिकल कारण, कुपोषण की स्थिति और स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी शामिल होनी चाहिए।
उइके ने कहा कि क्या बैगा बहुल गांवों में रोकथाम के लिए कदम उठाए गए थे। उन्होंने मलेरिया सर्वेक्षण, दवाओं की उपलब्धता और जन-जागरूकता अभियानों का गांववार विवरण भी मांगा।
विधायक ने बैगा बच्चों के टीकाकरण, शिक्षा, पोषण और सामाजिक सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की मांग की। उन्होंने बैगा परिवारों की आर्थिक स्थिति और आजीविका के साधनों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
यह भी पढ़ें- एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला... पूर्व प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, 5 अक्टूबर को पेशी