
बालाघाट, नईदुनिया प्रतिनिधि। बालाघाट शहर में लंबे समय से नामी कंपनी के नाम से नकली सौंदर्य प्रसाधन सामग्री (कॉस्मेटिक प्रोडक्ट) बेचा जा रहा है। कंपनी को लगातार मिल रहीं शिकायत और प्रयोगशाला में हुई जांच के बाद मुंबई से आई टीम ने शुक्रवार को गुजरी बाजार में संचालित चार दुकानों पर दबिश दी। इस दौरान कोतवाली पुलिस टीम भी मौजूद रही।
लैक्मे कंपनी की चार सदस्यीय जांच टीम और पुलिस बल ने लगभग एक लाख 20 हजार रुपये का नकली सौंदर्य प्रसाधन का सामान जब्त किया है। दरअसल, शहर के बाजार में लैक्मे कंपनी का फाउंडेशन, क्रीम आदि कंपनी के नाम से बेचा जा रहा था। पैकिंग और लिखावट हू - ब- हू दिखने के कारण महिला ग्राहक इन नकली उत्पादों को बेधड़क खरीद रहीं हैं और इनका बेफिक्र होकर इस्तेमाल भी कर रही हैं।
हैरानी की बात है कि कंपनी के नाम की मात्रा में भी हेरफेर की गई है। जांच टीम के सदस्य ने बताया कि पूर्व में कंपनी को मिलीं कापीराइट और कंपनी के नकली उत्पाद बेचने की शिकायत मिली थीं। करीब 12 दुकानों से इन नकली उत्पादों को खरीदकर नमूने एकत्र किए गए और इनकी प्रयोगशाला में जांच की गई। जांच में सारे उत्पाद नकली पाए गए। इनमें से चार दुकानों को संदिग्ध मानते हुए वहां दबिश दी गई है।
इसके बाद मुंबई से लैक्मे कंपनी की जांच टीम बालाघाट पहुंची थी। बालाघाट पुलिस के सहयोग और कोतवाली टीम के साथ शुक्रवार को गुजरी बाजार में चार दुकानों पर दबिश दी गई और प्रत्येक दुकान से शादी या अन्य समारोह में महिलाओं व युवितयों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले नकली उत्पादों को जब्त किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपये है।
सूत्रों के अनुसार, उक्त कार्रवाई अगर मार्च - अप्रैल माह में होती, तो निश्चित ही बड़ी मात्रा में सौंदर्य प्रसाधन के नकली उत्पाद बरामद होते। जानकारी के अनुसार, जांच टीम द्वारा देर शाम तक उक्त दुकान संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एफआईआर दर्ज कराने के बाद जांच टीम द्वारा उक्त प्रकरण कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। टीम ने बताया कि नामी कंपनी के नाम से जिस नकली उत्पाद की दुकानदार बिक्री कर रहे हैं, उस प्रोडक्ट से स्कीन कैंसर होने का खतरा रहता है। मुनाफा कमाने के लिए दुकानदार ग्राहकों की जान से खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं।