
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। डबल मनी घोटाला मामले में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के निवेशकों को उनके पैसे वापस दिलाने के प्रयास पुलिस ने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने सोमेंद्र कंकरायने और उनके एजेंटों के माध्यम से निवेश करने वाले लोगों की प्रथम सूचना सूची तैयार की है जिसमें 113 लोगों के नाम हैं। इन्हें 28 और 29 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बालाघाट में आकर अपना आवेदन जमा करना होगा।
आवेदन के साथ पैन कार्ड और पहचान पत्र की मूल प्रति की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी, अभियुक्त सोमेंद्र कंकरायने द्वारा गारंटी के रूप में दिया गया बैंक चेक की मूल प्रति और निवेशक की पासबुक की फोटोकॉपी शामिल है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि दूसरी सूची भी जारी की जाएगी। निवेशकों की सुविधा के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 7049114989 भी जारी किया है, जिस पर किसी भी प्रकार की जानकारी ली जा सकती है। जिन सरकारी कर्मचारियों ने फर्जी स्कीम में निवेश किया है, उन्हें अपनी आय का स्रोत बताना होगा।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपित सोमेंद्र कंकरायने और उनके एजेंटों ने वर्ष 2016 से 2022 तक तीन राज्यों के हजारों लोगों से मोटी रकम अपनी फर्जी स्कीमों में निवेश कराई थी। सोमेंद्र से 20 करोड़ रुपये बरामद हुए थे, जो न्यायालय में जमा हैं। पुलिस के मुताबिक यह फर्जीवाड़ा 500-600 करोड़ रुपये का है। हालांकि यह आंकड़ा एक हजार करोड़ तक जा सकता है। इस मामले में सोमेंद्र सहित 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर की अवैध कॉलोनियों पर चलेगा बुलडोजर... लापरवाही पर अफसरों को शो-कॉज, कलेक्टर की सख्त चेतावनी