
Balaghat News : नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रानिक माध्यम वाट्सअप ग्रुप में मिथ्यात्मक चलचित्र बहुप्रसारित करने में पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। व्यापारी संघ परसवाड़ा नाम के ग्रुप में मोबाइल नंबर 9424662970 से एक चलचित्र प्रसारित किया गया। जिसमें सीधे तौर पर निर्वाचन प्रक्रिया पर असर डालते हुए राजनीतिक पार्टी के कार्यक्रताओं के मध्य शत्रुता, घृणा तथा वैमनस्यता उत्पन्न करने का प्रयास किया गया है। इस मामले में पुलिस परसवाड़ा थाना पुलिस ने उक्त मोबाइल नंबर के धारक के विरुद्ध अपराध 188, 171,च,171,छ, व 505,2,के भादवि के अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
परसवाड़ा थाना में दर्ज की गई एफआइआर के अनुसार व्यापारी संघ परसवाडा नाम के ग्रुप में 20 मई की सुबह 08.05 बजे मोबाइल नंबर 9424662970 जिसके आगे अंग्रेजी में रामेश्वर लिखा है। उक्त नम्बर के द्वारा 0.27 सेकेंड की एक चलचित्र सांझा किया गया। जिसके नीचे लेख किया गया है कि कृपया इसे बहु्प्रसारित करे ताकि चुनाव आयोग द्वारा पुनः चुनाव कराया जा सके। इसी के भरोसे ही तो 400 पार होंगे चुनाव आयोग सो गया है। ये सब किसके लिए कर रहा है चुनाव आयोग बेन इवीएम सेव डेमोक्रेसी 8.05एम मेसेज लिखा है। उक्त मोबाइल नंबर थाना परसवाडा के अंतर्गत डाबर मेडिकल स्टोर्स का संचालक का है।
चलचित्र को चलाकर देखने पर दिखाई देता है कि कुछ लोग एक पीकप वाहन पर चढे़ हैं तथा इवीएम मशीन के बाक्स जैसी दिखने वाले तीन बाक्स हाथ में उठाकर लहरा रहे हैं तथा बैकग्राउंड में शोरगुल की आवाज आ रही है। मोबाइल नंबर के धारक के द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी अपनी पोस्ट पर लेख नहीं करते हुए भ्रामक तथा मिथ्या लेख तथा चलचित्र इलेक्ट्रानिक माध्यम व्यापारी संघ परसवाडा पर इस आशय से पोस्ट किया गया है, जिससे लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाता को प्रभावित किया जा सके।
निर्वाचन प्रक्रिया पर असर डालते हुए राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओ के मध्य शत्रुता, घृणा तथा वैमनस्यता उत्पन्न किया जा सके।बता दें कि जिले में अभी भी कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी बालाघाट द्वारा धारा 144 लागू है। इस चलचित्र से सीआरपीसी तथा लोकसभा चुनाव 2024 दौरान जारी आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट रूप से उल्लंघन किया गया है।