
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। 27 अक्टूबर को गृह विभाग द्वारा किए गए फेरबदल के बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा का देवास स्थानांतरण हुआ है।
सोशल मीडिया पर एसपी मिश्रा से जुड़े वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। इसमें सबसे अधिक उनके डांस को पसंद किया जा रहा है।
शहर में आयोजित समारोह में उन्हें विदाई दी गई। हाकफोर्स में डीएसपी रहे संतोष पटेल के जून में हुए स्थानांतरण के बाद रखे गए विदाई समारोह में एसपी मिश्रा का ‘फंस गई जल मछली...’ गाने पर किया गया डांस इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है।
इस साल होली पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ‘कजरा रे...’ गाने पर भी किए गए उनके डांस को यूजर्स खूब पसंद कर रहे हैं। मीडिया पर वायरल डांस वीडियो पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा- एसपी मिश्रा एक शानदार पुलिस अधिकारी हैं। एक कमेंट में लिखा- देवास वालों के भाग्य खुल गए। यूजर्स को शीर्ष पुलिस अधिकारी का अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ खुलकर मौज-मस्ती, डांस करना खूब रास आ रहा है।
गौरतलब है कि एसपी आदित्य मिश्रा ने 11 जून 2025 को बालाघाट पुलिस अधीक्षक की कमान संभाली थी। अपने शुरुआती छह माह के कार्यकाल में ही उन्होंने बालाघाट से माओवादी हिंसा के खात्मे में सुरक्षाबलों के साथ अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने बालाघाट में चावल घोटाला, डबल मनी मामले के मास्टरमाइंड सोमेंद्र कंकरायने की गिरफ्तारी सहित जनहित से जुड़े नशामुक्ति, हेलमेट की अनिवार्यता जैसे कई सफल अभियान चलाए।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट से बड़ी राहत, 300 दिन के अर्जित अवकाश पर 90 दिन में निर्णय लेने का निर्देश