
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। पुलिस भर्ती परीक्षा में कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से पास कराने वाले फरार इनामी आरोपी को वारासिवनी पुलिस ने तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।घटना का विवरण 18 अगस्त 2023 का है।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय बालाघाट परीक्षा केंद्र की केंद्र पर्यवेक्षक सोनिया साहू ने थाना वारासिवनी में लिखित शिकायत की थी कि आरक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर कुछ लोगों द्वारा अनुचित साधनों से अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण कराया जा रहा है।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी विवेक पिता कमलेश शर्मा 29 वर्ष, निवासी ग्राम चितहारी थाना सिहोरा, जिला शिवपुरी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वारासिवनी पुलिस ने लगातार उसकी तलाश की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- ठिकाने बदलकर देता रहा महीनों तक धोखा, भिखारी बने तरुण पटेल को एमपी पुलिस ने गुजरात से दबोचा