बालाघाट (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नक्सल हथियार मामले में पुलिस ने अर्बन नेटवर्क की कड़ी से जुड़े पांच और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने हथियार या बारूद की बरामदगी नहीं की है,लेकिन नई कड़ी का खुलासा हुआ है। इस केस में बालाघाट पुलिस ने गोंदिया के एक पूर्व पार्षद, बोर खनन करने वाले ठेकेदार,उसके भाई और मॉयल के एक मजदूर व एक अन्य को गिरफ्तार किया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपितों के बयानों के आधार पर सामने आई नई कड़ी में पुलिस ने गोंदिया के पूर्व पार्षद बंटी बानेवार,बारू कुंभारे खनन ठेकेदार राजेश पाटिल उसके बड़े भाई अशोक पाटिल व बालाघाट भरवेली के मजदूर सुनील लिल्हारे को गिरफ्तर किया है।
ऐसे जाने इनकी भूमिका
गोंदिया निवासी घनश्याम आचले की निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल समेत करीब 496 गोलियां बरामद की थी। साथ ही इस मामले में वचन खंडारे की गिरफ्तारी हुई थी। जिसने पुलिस रिमांड में की गई पूछताछ में बताया कि वह घनश्याम को पिस्टल के साथ जिलेटिन रॉड भी उपलब्ध करा चुका है। जो आरोपित नक्सलियों तक डेढ़ साल पहले पहुंचा चुके हैं। जब पुलिस ने वचन खंडारे से पिस्टल के संबंध में पूछताछ की तो उसने छत्रसाल उर्फ बंटी बानेवार (पूर्व पार्षद गोंदिया) से ली थी और जिलेटिन रॉड बारू कुंभारे ने दी थी। वचन के
बयानों से हुए खुलासे के बाद पुलिस ने बंटी बानेवार और बारू कुंभारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बंटी ने बताया कि वह बैधनाथ धाम बिहार घूमने गया था। तब सालों पहले उसने एक अज्ञात व्यक्ति से पिस्टल खरीदी थी।
नक्सलियों तक तक पहुंचाई गई जिलेटिन रॉड के बारे में जब पुलिस ने बारू कुंभारे से पूछताछ की तो उसने बताया कि बोरवेल खनन कर्ता राजेश पाटिल से मिली थी। पुलिस ने जब इससे पूछताछ की तो उसने बताया कि जिलेटिन रॉड उसे बड़े भाई अशोक पाटिल ने दी थी। कड़ी आगे बढ़ी तो अशोक पाटिल से पता चला कि उसे जिलेटिन रॉड भरवेली मॉयल के मजदूर सुनील लिल्हारे ने दी थी।
अब तक की स्थिति
- नक्सल हथियार मामले में पुलिस ने अब तक 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
- छह जुलाई को पुलिस ने इस केस में आठ लोगों हथियार के साथ पकड़ा था।
- इनकी निशानदेही पर शुरू हुई संदिग्धों की गिरफ्तारी।
- एक-एक कर सात आरोपित हुए गिरफ्तार।
- मुंबई,राजस्थान,गोंदिया व बालाघाट के आरोपित हुए गिरफ्तार।
...
नक्सल हथियार मामले में पुलिस ने पांच और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियार या बारूद की बरामदगी नहीं हुई है,लेकिन नक्सलियों तक हथियार पहुंचाने वाले गिरोह की कड़ी बने हैं। गोंदिया के पूर्व पार्षद समेत, खनन ठेकेदार व भरवेली मॉयल का एक मजदूर और अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। इनसे आगे पूछताछ चल रही है।
- अभिषेक तिवारी, एसपी बालाघाट