
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बालाघाट से बैहर मार्ग पर रविवार शाम पौने सात बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस के ओवरटेक के चक्कर में पलटने से करीब 25 यात्री घायल हो गए। हादसा रूपझर थाना क्षेत्र के लौंगुर और चिखलाझोड़ी गांव के बीच शाम करीब पौने सात बजे हुआ। नारायण ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 50 जेडएफ 6483 बालाघाट जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से सालेटेकरी जाने निकली थी। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे।
लौंगुर से चिखलाझोड़ी के बीच पहुंचने पर बस चालक ने आगे चल रही अर्टिगा कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरटेक के दौरान बस कार से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद बस सड़क पर ही पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए।

घटना की सूचना राहगीरों ने रूपझर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला।
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। रूपझर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक की लापरवाही को लेकर जांच शुरू कर दी है।