
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर खैरी और अर्जुनी गांव के बीच वैनगंगा नदी किनारे शिव मंदिर के पीछे सागौन के जंगल में 35 वर्षीय वर्षा तुरकर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खैरलांजी के ग्राम नवेगांव ख निवासी वर्षा पुणे में एयर होस्टेस के रूप में काम करती थीं। दीपावली पर वह अपने जीजा के घर आई हुई थीं। वर्षा के दो बच्चे हैं और उनके पति इंदौर में एयरलाइन में काम करते हैं।
बताया गया कि शनिवार 14 नवंबर को वर्षा गोंदिया निवासी अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ कार से घूमने गई थीं। शाम करीब साढ़े छह बजे अग्रवाल ने वर्षा के जीजा को फोन कर बताया कि नकाबपोशों ने उन पर हमला कर लूटपाट की और चाकू से वार कर दोनों को घायल कर दिया।
परिजन घटनास्थल पहुंचे और वर्षा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरलांजी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नितेश अग्रवाल के अनुसार, हमलावर 40 हजार रुपये नकद, सोने के कड़े और हार लूटकर ले गए।
घटना की सूचना पर खैरलांजी पुलिस ने अग्रवाल को पूछताछ के लिए रोका। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद वर्षा का शव परिजनों को सौंपा। घटनास्थल महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामले की विवेचना वहां की पुलिस कर रही है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों थानों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।