
खैरलांजी (नईदुनिया न्यूज)। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 कार्यक्रम के अनुसार बालाघाट जिले में त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव तीन चरणों में संपन्ना कराए जाएंगे। जिसमें जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंच के निर्वाचन के लिए प्रथम चरण में छह जनवरी 2022 को विकासखंड बैहर, परसवाड़ा, वारासिवनी एवं खैरलांजी के ग्रामों में मतदान कराया जाएगा। जनपद पंचायत खैरलांजी सीईओ श्रुति चौधरी ने शनिवार को जनपद पंचायत के कर्मचारियों को मतदान करने व करवाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा पंचायत में होने वाले छह जनवरी 2022 के चुनाव में सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो का नारा चलाए।इस दौरान जनपद पंचायत के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
निकाली बाइक रैलीः जनपद पंचायत खैरलांजी मे मतदान जागरूकता के लिए नगर में बाइक रैली का आयोजन शनिवार को किया गया।जिसमें तहसीलदार एवं रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सीईओ जनपद, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, बीईओ, बीआरसी एवं खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। यह रैली ग्रामीण क्षेत्र खैरलांजी, कुम्हली, किन्ही, भौरगढ में निकली गई।
कवि दिनेश के हिंदी साहित्य अकादमी में राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त
कटंगी (नईदुनिया न्यूज)। राष्ट्र भाषा हिंदी के विस्तार के लिए कटिबद्ध क्रांति धरा मेरठ की हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की गई।जिसमें संस्थापिका डा. अनामिका जैन, अध्यक्ष सौरभ जैन, उपाध्यक्ष डा. प्रतीक गुप्ता, महामंत्री उमंग गोयल, उपमंत्री नितीश राजपूत, कोषाध्यक्ष नम्रता जैन,विमल ग्रोवर एवं राष्ट्रीय मंत्री दिनेश देहाती मध्य प्रदेश से नियुक्त किए गए हैं। मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए दिनेश देहाती हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा निर्धारित गतिविधियों का संचालन करेंगे। बता दें कि मायल कर्मचारी सुप्रसिद्ध हास्य व्यंग कवि दिनेश देहाती साहित्य संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष, अंतरा शब्दशक्ति संस्थान के संरक्षक और राष्ट्रीय साहित्यकार सम्मेलन के संयोजक हैं। बालाघाट जिले में पहली बार किसी साहित्यकार को हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा नियुक्त किया गया है।