
बालाघाट/बैहर, ब्यूरो। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय में चल रही बैठक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां बैहर थाना प्रभारी समेत कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे और संघ के जिला प्रचारक सुरेश यादव से मारपीट करने लगे। उसे थाने ले जाकर फिर पीटा जैसे-तैसे कर सुरेश यादव भागकर एक मेडिकल दुकान में जा घुसा।
वहां भी मारपीट की, इससे वह बेहोश हो गया। तब उसे अस्पताल ले गए, वहां से जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया। यह घटना रविवार रात की है। घटना से आक्रोशित हिन्दुवादी संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया। जबकि सोमवार को बैहर बंद रहा। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जिला प्रचारक की शिकायत पर राजेश शर्मा एएसपी बैहर, टीआई जियाउल हक, उपनिरीक्षक अनिल अजमेरिया, सुरेश विजेवार समेत 6 लोगों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 147, 392, 307, 453 के तहत अपराध दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर की थी टिप्पणी
दो दिन पहले मुस्लिम नेता ओवेसी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ टिप्पणी की गई थी। इसकी शिकायत 25 सितंबर की रात कुछ मुस्लिम युवकों ने बैहर थाना में की थी। मामले में टीआई जियाउल हक व कुछ पुलिसकर्मियों ने संघ प्रचारक सुरेश यादव से मारपीट की।
कार्यालय में मारपीट
सुरेश यादव ने बताया कि 25 सितंबर रात करीब 8 बजे संघ कार्यालय में बैठक ले रहे थे। इसी दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैहर राजेश शर्मा, टीआई जियाउल हक एसआई अनिल अजमेरिया, एएसआई सुरेश विजयवार, एक आरक्षक, एसएफ समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। साथ ही शिकायतकर्ता नवाब खान, सन्नू खान, दानिश खान, शाहीद खान भी शामिल थे। इन सभी ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज कर मारपीट की, थाने ले गए वहां भी पीटा।
इनका कहना है..
बैहर में स्थिति नियंत्रण में है। संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई जा रही है। नगर में पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉ. असित यादव, एसपी बालाघाट