
बालाघाट (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नवेगांव ग्रामीण थाना पुलिस ने ग्राम विश्रामपुर में हुई 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर उन्हें जेल रिमांड में भिजवा दिया गया है।
मामले के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने जानकारी देते हुए बताया की सात दिसंबर की सुबह ग्राम विश्रामपुर में रेखलाल पिता सुखलाल 55 वर्ष का शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर विवेचना उपरांत हत्या का अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया था। विवेचना उपरांत मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी हरवंता बाई व बेटे को पकड़कर उनसे पूछताछ की गई तो पत्नी ने बताया की पति का पड़ोस की एक महिला से अवैध संबंध था। जिसे लेकर आए दिन घर पर विवाद की स्थिति निर्मित होती थी।उन्होंने बताया कि घटना के दिन भी वह उक्त महिला के घर से आया था।
जबरदस्ती करने का किया प्रयास कुल्हाड़ी मार की हत्याः
महिला ने पुलिस को बताया कि पति रात के समय घर पर आने के बाद उसके साथ जबरदस्ती करने लगा था और जब उसे मना किया तो उसने गला दबाकर मारने का प्रयास किया। जिस पर उसे धक्का देकर अलग किया और समीप पर ही रखी कुल्हाड़ी से उसके उपर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद बगल के कमरे में सो रहे बेटे नीलमचंद लिल्हारे को इसकी सूचनी दी और उक्त महिला को इस मामले में फंसाने की नियत से शव को उसके घर के समीप नहर के किनारे छोड़ कर सुबह बेटे ने ही पिता के शव की सूचना पुलिस को दी थी।
घर में लगाया गया पेंट बना साक्ष्य
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या होने पर परिजनों पर ही शंका होने पर उनसे पूछताछ की गई तो मां, बेटा ने पुलिस को गुमराह करने का बहुत प्रयास किया। लेकिन घटनास्थल पर जो पेंट मिला वह पेंट उनके घर पर भी लगाया गया था। जिससे जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो मां ने हत्या करना स्वीकर किया। इस हत्या कांड में आरोपितों को पकड़ने की कार्रवाई में अनविभागीय अधिकारी गौरव पाटिल, नवेगांव थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले, उननिरीक्षक राधेश्याम दांगी, उपनिरीक्षक लक्ष्मीचंद चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक विनोद ठाकुर समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।