बड़वानी में 114 पटवारियों पर कार्रवाई, 6 की सेवा समाप्त, 6 निलंबित और 102 को जारी किया नोटिस
जिला प्रशासन ने शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने वाले राजस्व अमले के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। स्वामित्व अधिकार अभिलेखों...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 10 Oct 2026 09:10:48 AM (IST)Updated Date: Sat, 10 Oct 2026 09:10:48 AM (IST)
पटवारियों पर की गई कार्रवाई। -एआई इमेजHighLights
- शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने पर की कार्रवाई
- 6 पटवारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं
- 6 पटवारियों को निलंबित किया गया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : जिला प्रशासन ने शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने वाले राजस्व अमले के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।
स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में गंभीर उदासीनता बरतने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए, जिले के संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) द्वारा कुल 114 पटवारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
102 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं
प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कड़े कदम के तहत जहां 6 पटवारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, वहीं 6 को निलंबित किया गया है और 102 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इनकी समाप्त की गई सेवाएं
प्रशासनिक कार्यवाही के अंतर्गत जिन 6 पटवारियों की सेवाएँ समाप्त की गई हैं, उनमें प्रतिमा जमरे, अजय मुजालदे, राहुल सोलंकी, शुभम गोरे, महेश सोनी और विशाल गंगवाल शामिल हैं। वहीं 6 अन्य पटवारियों को निलंबित किया गया है, जिनके नाम मांगी लाल नरगावे, ललित बोरसे, अजीत अलावे, महेन्द्र यादव, करण कनेश और धरम सोलंकी हैं।
कोताही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्यों और मैदानी स्तर पर सेवा प्रदाय में किसी भी प्रकार की कोताही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी राजस्व अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देशित किया गया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता, समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें, अन्यथा इस तरह की कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।