
Barwani News युवराज गुप्ता, बड़वानी। विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी दशा और दिशा बदलने की मिसाल बड़वानी के आशाग्राम के कुष्ठ रोगियों ने प्रस्तुत की है। गरीबी उन्मूलन का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यहां के 80 कुष्ठ रोगियों ने न सिर्फ स्वावलंबन का इतिहास रचा है बल्कि हस्तशिल्प की कला में महारत और प्रसिद्धि भी हासिल की है।
आशाग्राम ट्रस्ट के शिवकुंज में करीब 80 कुष्ठ रोगी सूत की दरी बनाने के कार्य में जुटे हुए हैं। खादी भंडार के कच्चे मटेरियल से ये लोग आकर्षक दरी बनाते हैं। इनके हाथों से बनाई दरियां, कपड़े के बैग व अन्य सजावटी सामान बाजार में विक्रय होते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों में भी इन्हें अच्छा प्रतिसाद मिला है। इससे इनकी आय के स्रोत भी बढ़े हैं।
आशाग्राम ट्रस्ट के सचिव डॉ शिवनारायण यादव एवं सचिन दुबे के अनुसार आशाग्राम के उपचाररत सदस्यों द्वारा हस्त निर्मित उत्पाद केवल एक प्रोडक्ट नहीं बल्कि यह समाज के उन वंचित, शोषित एवं समाज के अंतिम व्यक्ति को स्वावलंबन एवं स्वाभिमान का जीवन देने तथा उन्हें मुख्यधारा में समाहित करने की दिशा में एक प्रयास है। क्षेत्र के समाजसेवियों की मदद से यह कार्य निरंतर बढ़ रहा है।
निमाड़ के खरगोन, बड़वानी, खंडवा व अन्य स्थानों की फैक्ट्री व कंपनियां ये उत्पाद ले रही है। इससे कुष्ठरोगी सदस्यों को स्वावलंबन के साथ ही आय का स्रोत मिला है। जिससे उनका जीवन स्तर ऊंचा उठा है।
आशाग्राम में कुष्ठ रोगियों द्वारा दरी निर्माण के कार्य से स्वावलंबन और गरीबी उन्मूलन की बेहतर मिसाल प्रस्तुत की जा रही है। इससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है। ट्रस्ट सदस्यों व इन श्रमजीवियों के प्रयास सराहनीय है। -डा राहुल फटिंग, कलेक्टर, बड़वानी