
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी: गुरुवार देर शाम अचानक बदले मौसम के चलते तेज हवा आंधी चली और वर्षा हुई। आंधी से जहां पेड़ गिरे वहीं वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोग चपेट में आए। एक को जिला चिकित्सालय बड़वानी रेफर किया है।
ओझर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी डा शुभम यादव के अनुसार पिसनावल निवासी पांच लोग पिकअप में सवार होकर टाकली गांव आए थे। हवा आंधी की वजह से ओझर में टाकली फाटे पर पिकअप से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए थे। इस दौरान आकाशीय बिजली इनके समीप गिरने से मकराम पुत्र भाया, मुकेश पुत्र राकेश 14, बुदा पुत्र फुलसिंग, शोभाराम पुत्र भारतिया, गुलसिंग पुत्र नाथू बिजली की चपेट में आए। जिनका प्राथमिक उपचार किया गया तथा मकराम को गंभीर हालत में बड़वानी रेफर किया गया है।
लगातार भीषण गर्मी से तप रहे क्षेत्र में गुरुवार को फिर मौसम ने करवट बदली। अंचल में आसमान पर छाए बादल देर शाम को बरसे। वहीं तेज हवा आंधी भी चली। आंधी से पेड़ भी धराशायी हो गए। ओझर क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब आधे घंटे तक तेज हवा आंधी का दौर चला। साथ ही कुछ देर वर्षा भी हुई। आंधी में पेड़ गिरे व देर तक तेज हवाएं चलती रही। इसके चलते बिजली सप्लाय भी बंद रहा। आंधी से पेड़ गिरने के साथ ही अंचल में कहीं टीनशेड उड़ने के भी समाचार हैं।