
बड़वानी। जिले से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग से मुंबई जाने वाली यात्री बसें ग्राम जुलवानिया होकर गुजरने की मांग की गई है। इस संबंध में बोहरा समाज के पदाधिकारियों ने लामबंद होकर प्रशासन से जुलवानिया में मुंबई की बसें रुकवाने की मांग की है।
समाज के इब्राहीम रिजवी, मुल्ला हुसैन आदिल, सोहेल कापड़िया, हुसैन अनिस, आबिद चिखल्दा आदि ने बताया कि 52 वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन सा. (रि.अ.) की जियारत और 53वें धर्मगुरु मुफद्दल सैफुद्दीन मौला (त.उ.श.) के दीदार तथा ताजियत के लिए शहर सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन प्रतिदिन मुंबई जा रहे हैं। लेकिन मुंबई से आने-जाने वाली बसें जुलवानिया न रुककर बायपास से गुजर रही हैं जो जुलवानिया स्टैंड से 1 किमी दूर हैं। उल्लेखनीय है कि यात्री बसें रात्रि 9.30 के बाद जुलवानिया होकर रात्रि 12 बजे तक गुजरती हैं। वहीं वापसी आने का समय अलसुबह 3.30 से शुरू होता है। इसके चलते बायपास पर बसों का इंतजार करने में अनहोनी की आशंका रहती है। ऐसे में खासकर महिला-बच्चों को खासी दिक्कतें आ रही हैं। समाजजनों ने 28 फरवरी तक मुंबई रूट की बसों का वैकल्पिक संचालन जुलवानिया स्टैंड से करवाने की मांग की है।