
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। जिले के पहाड़ी अंचल में आंधी वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान व उसकी पुत्री झुलस गई। वहीं दो बेलों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना पाटी तहसील के ग्राम पलवट में हुई। किसान नवविया पुत्र दुफारिया अपनी बेटी नानी के साथ खेत में बोवनी कर रहे थे, तभी तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।
इस हादसे में उनके दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किसान नवविया और उनकी बेटी नानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को पाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं जिला अस्पताल में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने घायलों के स्वजनों से मुलाकात कर चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में कोई लापरवाही न हो और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें।