
निवाली। नगर से 20 किमी दूर स्थित ग्राम मरदई में एक सप्ताह में 4 लोगों की बुखार से मौत होने का समाचार है। ग्राम मरदई के पंच इलाजीया पिता बेचान व लालसिंग पिता सुरसिंग ने बताया कि ग्राम में बीमारियों का प्रकोप है। बुखार से पिछले दिनों में चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ग्राम के भायला (40) पिता फूलजी की गुरुवार को कुछ ही घंटों के बुखार के बाद मौत हो गई। बुधवार को रूनीबाई (45) पति गिलदार व नहारिया (35) पिता रिछड़ीया और शुक्रवार को ग्राम झंडियामाल में शोभाराम पिता सरदार (30) की भी बुखार से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ग्राम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कर्मचारी नहीं आ रहा है। मामले में सिलावद मेडीकल ऑफिसर डॉ. जीएस बारेला ने बताया कि मरदई में पदस्थ नर्स पलसूद में रहती है। मैं फिलहाल बाहर हूं, शनिवार को टीम ग्राम मरदई भेजी जाएगी। -निप्र