
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी/ खेतिया : खेतिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांदरियावड़ में पति की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज राजफाश कर दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पत्नी ने कथित रूप से पास रखी कुल्हाड़ी से पति के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए स्वजनों को बताया गया कि पति लोहे की चद्दर पर गिर गया था।
31 अगस्त को खेतिया पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बांदरियावड़ निवासी उदयसिंग मोरे का उसी दिन सुबह करीब 9 बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मृतक की पत्नी व बच्चों से पूछताछ की। शुरुआत में स्वजनों ने किसी घटना से इनकार किया। लेकिन घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान लोहे की चद्दर पर खून के धब्बे मिले। इससे पुलिस को मौत की कहानी पर संदेह हुआ।
पुलिस ने जब स्वजनों से दोबारा पूछताछ की तो बताया गया कि मृतक लोहे की चद्दर पर गिर गया था और चद्दर का किनारा गले में लगने से उसकी मौत हुई। पुलिस को यह कहानी संदिग्ध लगी। इसके बाद मृतक की पत्नी और दोनों बच्चों को थाने लाकर गहन पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मृतक की पत्नी द्वारकीबाई ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर शंका करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान द्वारकीबाई ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर पति के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित महिला ने स्वजनों को घटना छिपाने के लिए मौत का कारण लोहे की चद्दर से लगी चोट बताया, ताकि मामला हादसा लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी राजपुर बीएल अटोदे एवं एफएसएल अधिकारी सुनील मकवाना के मार्गदर्शन में पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की।थाना प्रभारी खेतिया निरीक्षक सुखलाल भंवर के नेतृत्व में टीम ने आरोपित महिला को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश पर उसे केंद्रीय जेल बड़वानी में न्यायिक निरोध में भेज दिया गया।
हत्या को हादसा बताकर छिपाने की कोशिश, लेकिन खून के धब्बों और पुलिस की गहन पूछताछ ने 24 घंटे में पूरा राज खोल दिया।
यह भी पढ़ें- देवास में प्रेम प्रसंग के चलते पीट-पीट कर की थी युवक की हत्या, मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार