
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। आस्था में जरा सी चूक किस तरह हादसे का कारण बन सकती है, इसका नजारा यहां कसरावद पुल पर देखने को मिला। मेघनगर से बड़वानी आ रही एक यात्री बस में सवार एक यात्री ने कसरावद पुल से गुजरते समय नर्मदा नदी में नारियल अर्पित किया। नारियल नदी में जाने के बजाय पुल से गुजर रही एक कार के शीशे से जा टकराया, जिससे कार का अगला कांच टूट गया।
नारियल लगने के बाद कार चालक ने बस को रुकवा लिया। देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया और बस में सवार करीब 30 से 35 यात्रियों को थाने लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा की और पूरे मामले को समझने के बाद आपसी समझाइश कर विवाद शांत कराया। इसके बाद बस में सवार सभी यात्रियों को रवाना कर दिया गया।
यात्री सोमेश ने बताया कि नारियल अर्पित करने की घटना में बस चालक और परिचालक की कोई गलती नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि नारियल किसी दोपहिया वाहन चालक या खुले वाहन में सवार व्यक्ति को लग जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। इसलिए आस्था के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।
बस परिचालक अंतर सिंह बघेल ने बताया कि यात्री ने श्रद्धा के चलते नर्मदा नदी में नारियल अर्पित किया था, लेकिन नारियल कार के कांच से जा टकराया। उन्होंने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उधर, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के छात्रों को हर महीने मिलेंगे 7500 रुपये, सरकार ने शुरू की नई योजना, जानें कैसे मिलेगा लाभ