
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। महाराष्ट्र और खरगोन जिले की सीमा से लगे सेंधवा विकासखंड के धावड़ी गांव में नीलगाय के शिकार का मामला सामने आया है। 26 नवंबर को वन क्षेत्र में बंदूक से नीलगाय की हत्या किए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर विभाग ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कथित मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
सेंधवा वन मंडल के डीएफओ आरएस गडरिया ने बताया कि सेंधवा शहर से करीब 55 से 60 किलोमीटर दूर जिले के, खरगोन-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र के वन्य क्षेत्र में नीलगाय के शिकार की सूचना मिली थी। इसके बाद डॉग स्क्वाड सहित वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान धावड़ी निवासी गोरु पिता सरमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जांच में आरोपित के घर के बाहर खड़ी बैलगाड़ी पर खून के निशान मिले। जांच में यह नीलगाय का खून पाया गया। इसके अलावा रास्ते में वन्य प्राणी को घसीटने के निशान और अन्य साक्ष्य भी मिले। आरोपी के घर के पास मक्के की कड़प में एक बंदूक भी जब्त की गई। पूछताछ में गोरु ने कथित तौर पर एक अन्य व्यक्ति द्वारा इसी बंदूक से नीलगाय का शिकार करने की बात बताई। वन विभाग ने संबंधित वन्यजीव संरक्षण प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
डीएफओ गडरिया के अनुसार, मौके पर नीलगाय का खून और अन्य साक्ष्य मिले हैं, लेकिन शव बरामद नहीं हुआ है। मुख्य आरोपी की पहचान और तलाश के लिए विभाग की कार्रवाई जारी है।