
डिजिटल डेस्क, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी की रहने वाली प्रियंका सेंगर की जिंदगी में एक हादसे ने अंधेरा कर दिया था। महज तीन साल की उम्र में आंख में चूना गिरने से एक आंख की रोशनी चली गई थी। परिवार ने इलाज की कोशिश की, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण ऑपरेशन नहीं हो सका। सालों तक एक आंख से दुनिया देखते हुए उन्होंने पढ़ाई जारी रखी, लेकिन रोशनी लौटने की उम्मीद नहीं छोड़ी। अब उनकी जिंदगी में नई सुबह आई है।
19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इसी दौरान प्रियंका सेंगर ने सरकारी छात्रावासों में सीटों की कमी, भोजन और अन्य सुविधाओं की समस्या उठाई। चर्चा के दौरान राहुल गांधी की नजर उनकी आंख पर गई।
पूछने पर प्रियंका ने बताया कि तीन साल की उम्र में चूना गिरने से रोशनी चली गई थी। 12वीं के दौरान बड़ौदा में एक ऑपरेशन हुआ था और डॉक्टरों ने दूसरा ऑपरेशन बताया था, लेकिन परिवार खर्च नहीं उठा सका। कार्यक्रम में ही राहुल गांधी ने इलाज की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया और उनकी टीम ने परिवार से संपर्क किया।
राहुल गांधी की टीम के बुलावे पर प्रियंका 27 सितंबर को दिल्ली पहुंचीं। वहां दो दिन तक जरूरी जांचें हुईं और एक अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल में ऑपरेशन किया गया। इस दौरान पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे लगातार साथ रहे।
दिल्ली यात्रा और इलाज की पूरी प्रक्रिया में कांग्रेस नेता पोरलाल खरते का भी सहयोग रहा। प्रियंका ने बताया कि आने-जाने के टिकट से लेकर अस्पताल और इलाज तक का पूरा खर्च राहुल गांधी की ओर से उठाया गया। परिवार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। ऑपरेशन के बाद अब उन्हें पहले से बेहतर दिखाई दे रहा है और कुछ समय बाद आंख में लेंस भी लगाया जाएगा।
11 नवंबर 2026 को भाई दूज के मौके पर प्रियंका को फिर दिल्ली बुलाया गया। इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी ने प्रियंका, उनके पिता उदय सिंह सेंगर और सरदार नरगावे से व्यक्तिगत मुलाकात की। प्रियंका ने बताया कि राहुल गांधी ने सबसे पहले तबीयत और आंख की स्थिति पूछी। उन्होंने पूछा अब कितना दिखाई देता है और कहा किसी भी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है।
इस मुलाकात में भी प्रियंका ने सिर्फ अपनी बात नहीं की, बल्कि छात्रवृत्ति, आवास राशि, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि पहले भी छात्रावासों की समस्याएं उठाई थीं। राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि जैसे व्यक्तिगत समस्या का समाधान किया गया है, वैसे ही छात्रों की समस्याओं के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के सही क्रियान्वयन का मुद्दा रखा, जबकि पिता उदय सिंह सेंगर ने किसानों की सिंचाई की समस्या बताई।
प्रियंका ने बताया कि ऑपरेशन के बाद सामाजिक स्तर पर परिवार को नई पहचान मिली है। कई अनजान लोग भी फोन कर हालचाल पूछते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक विक्रांत भूरिया ने भी संपर्क कर तबीयत पूछी। गांव में लोग गर्व महसूस कर रहे हैं कि उनकी बेटी बड़े मंच पर अपनी बात रख पाई और उसकी समस्या का समाधान हुआ। पिता के लिए यह सिर्फ आंख का इलाज नहीं, बल्कि वर्षों से अधूरे सपने के पूरे होने की शुरुआत है।