राहुल गांधी ने बड़वानी के छोटे से गांव की प्रतिभावान बेटी को मिलने दिल्ली बुलाया, इंदौर में बताई थी समस्या
सेंधवा तहसील के चाचरिया और धनोरा के बीच स्थित छोटे से पाड़छा गांव की एक बेटी इन दिनों काफी चर्चा में है। हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 04:12:23 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 04:12:23 PM (IST)
अपने परिजन के साथ प्रियंका। (नईदुनिया)HighLights
- राहुल गांधी से मुलाकात करने वाली प्रियंका साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखती है
- राहुल गांधी ने बालिका और उसके पूरे परिवार को दिल्ली आमंत्रित किया है
- 3 साल की उम्र में आंख में चूना गिर जाने से, वह एक आंख से देख नहीं पाती है
नईदुनिया प्रतिनिधि, सेंधवा (बड़वानी) : सेंधवा तहसील के चाचरिया और धनोरा के बीच स्थित छोटे से पाड़छा गांव की एक बेटी इन दिनों काफी चर्चा में है। हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी से मुलाकात करने वाली बालिका प्रियंका सेंगर साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखती है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बालिका और उसके पूरे परिवार को दिल्ली आमंत्रित किया है, जहां वे बालिका और उसके स्वजन से मुलाकात करेंगे।
भाई प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि प्रियंका सेंगर की आंख में 3 साल की उम्र में चुना गिर जाने से, वह एक आंख से देख नहीं पाती है। यह समस्या उसने राहुल गांधी से शेयर की थी। इसके चलते भी उसे परिवार सहित दिल्ली बुलाया गया है। प्रियंका का ग्रेजुएशन पूरा हो चुका है और वह इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।
छात्रा का परिवार वर्षों से कृषि कार्य पर ही निर्भर है
बालिका के परिवार के डॉक्टर गंगाराम सिंगोरिया ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा का परिवार वर्षों से पाड़छा गांव में कृषि कार्य पर ही निर्भर है। बालिका के पिता उदय सिंह सेंगर, उनके दो भाई और एक बहन आज भी अपनी पुश्तैनी जमीन पर खेती-बाड़ी कर जीवनयापन कर रहे हैं।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलार खरते की रही मुख्य भूमिका
कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर और खरगोन-बड़वानी क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलार खरते के विशेष सहयोग से इस प्रतिभावान बालिका की राहुल गांधी से मुलाकात संभव हो सकी। पोरलार खरते ने इस मुलाकात का माध्यम बनकर ग्रामीण अंचल की इस प्रतिभा को एक बड़ा मंच प्रदान किया।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फोन पर की चर्चा
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी बालिका के पिता उदय सिंह सेंगर से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और परिवार का उत्साहवर्धन किया।
दिल्ली से आया बुलावा
नेशनल कोऑर्डिनेटर पोरलार खरते के अनुसार, राहुल गांधी ने बालिका और उसके पूरे परिवार को दिल्ली आमंत्रित किया है, जहां वे जल्द ही उनसे विस्तार से मुलाकात करेंगे। एक साधारण किसान परिवार की बेटी की इस उपलब्धि से पाड़छा और आसपास के समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।