
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम बड़वानी जिले के ग्राम कलालदा में जमली स्थित गायत्री धाम की गोशाला का निरीक्षण कर गोपूजन किया। इसके बाद सुरभि मंडपम में आयोजित बाल संवाद में विद्यार्थियों से बातचीत की।
विद्यार्थियों ने उनसे कई रोचक सवाल पूछे, मुख्यमंत्री ने सहजता से इनके जवाब दिए। समय प्रबंधन से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि रात में सोने से पहले वे अगले दिन का कार्यक्रम डायरी में लिखते हैं। दिन की शुरुआत योग और व्यायाम से करते हैं और पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को समय का महत्व समझाते हुए दिनचर्या व्यवस्थित रखने की सलाह दी। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों से उन्होंने पूछा कि कौन चिकित्सक, वकील, अभियंता, शिक्षक, किसान या राजनेता बनना चाहते हैं। साथ ही कहा किसी भी क्षेत्र में जाएं, मेहनत और लगन से अलग पहचान बनाएं। खेती से जुड़ाव और अच्छे लोकतंत्र के लिए योग्य लोगों का राजनीति में आना भी जरूरी है।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस का उदाहरण देते हुए उन्होंने देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को महत्वपूर्ण बताया। सीएम ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा में सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। मुख्यमंत्री ने एक छात्रा आराधना से गीत सुनाने का आग्रह किया। बाल संवाद में शामिल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री निधि से 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।