
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : पीजी कॉलेज में खेल मैदान और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर 24 घंटे से अधिक समय से जारी विद्यार्थियों का धरना गुरुवार रात करीब 10 बजे अचानक उग्र माहौल में बदल गया। छात्र-छात्राएं प्राचार्य कक्ष के बाहर डटे रहे और मांगों का लिखित व हस्ताक्षरित आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त न करने की बात पर अड़े रहे।
देर रात तक कालेज परिसर में नारेबाजी और विरोध का दौर चलता रहा। विद्यार्थियों की प्रमुख मांगों में 400 मीटर रनिंग ट्रैक, छात्राओं के लिए पृथक वाशरूम व चेंजिंग रूम सहित खेल मैदान से जुड़ी अन्य सुविधाएं शामिल रही। दिनभर प्रशासन, पुलिस और कालेज प्रबंधन के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कई दौर में चर्चा की, लेकिन रात तक मांगों को लेकर कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया।
रात में विद्यार्थियों ने प्राचार्य को कक्ष के भीतर घेर लिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाया और प्राचार्य को कालेज परिसर से बाहर निकाला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिसकर्मी प्राचार्य को सुरक्षा घेरे में कालेज से उनके घर तक लेकर गए। प्राचार्य को वाहन से ले जाने के प्रयास के दौरान विद्यार्थियों ने विरोध किया। कुछ छात्र सड़क पर लेट गए और वाहन के आगे भी बैठकर या लेटकर विरोध जताया। पुलिस को विद्यार्थियों को हटाने और रास्ता बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।
आंदोलन के दौरान छात्र संघ से जुड़े दो गुटों के विद्यार्थियों के बीच बहसबाजी और विवाद की स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने विद्यार्थियों को कालेज परिसर से बाहर कराया और मुख्य गेट बंद कर दिया। पुलिस कार्रवाई को लेकर कुछ विद्यार्थियों में नाराजगी भी दिखाई दी। इसके बाद कई विद्यार्थी अपनी शिकायत और विरोध दर्ज कराने थाने पहुंचे। आधी रात तक कालेज परिसर, मुख्य मार्ग और थाने के आसपास मामले को लेकर हलचल बनी रही।
देर रात विद्यार्थियों का धरना समाप्त हो गया, लेकिन उनकी लिखित आश्वासन की मांग बनी रही। प्राचार्य की ओर से घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। पुलिस की ओर से भी देर रात तक आगे की कार्रवाई को लेकर जानकारी नहीं दी गई। विद्यार्थियों का कहना है कि मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वे आंदोलन को पूरी तरह समाप्त मानेंगे।