बड़वानी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इस समय पर्वों का मौसम आ चुका है। इससे बाजार भी गुलजार होने लगे हैं और यातायात का दबाव बढ़ने लगा है। इस दौरान मुख्य रुप से पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से खासकर संकरे मार्गों के बाजार में आवागमन में परेशानी आने लगी है। कई दुकानों की सामग्री भी सड़क किनारे रखी जाने लगी है। वहीं मुख्य रणजीत चौक में अस्थाई दुकानों से अधिक दिक्कतें आने लगी है।
उल्लेखनीय है कि शहर के कचहरी रोड से रणजीत चौक, झंडा चौक से रणजीत चौक होकर एमजी रोड नेमा ड्रेसेस तक पूर्व में ही यातायात विभाग ने सुबह आठ से रात्रि आठ बजे तक चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया है। यह मार्ग संकरे होने और पर्वों के समय यहीं अधिक भीड़भाड़ की स्थिति बनती है। इसका कारण पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होना है। इससे यातायात का दम घुटने लगा है। रविवार को करवाचौथ और हाट बाजार का दिन होने से बाजार में चहल-पहल अधिक नजर आई। इसके मद्देनजर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कोई जिम्मेदार नजर नहीं आए। वैसे बीते वर्षों में शहर के रणजीत चौक में फल-फ्रुट वालों की लाइनिंग कर पार्किंग व्यवस्था की गई है लेकिन जहां-तहां हाथठेले लगने से यहां भी दिक्कतें आती हैं। बाइक सवार आसानी से पार्किंग कर लेते हैं। वहीं चार पहिया वाहन वालों को वाहन खड़े करने में दिक्कत आती है।
अस्थाई बाजार से भी आती है दिक्कत
बता दें कि पूर्व वर्षों में यातायात के मद्देनजर प्रशासन ने नगर पालिका के माध्यम से गणेश प्रतिमाए दुर्गा प्रतिमा व राखियों की दुकानों को रणजीत चौक से दशहरा मैदान में स्थानांतरित किया है। वहीं दीपावली के मद्देनजर पटाखा बाजार भी दशहरा मैदान में ही लगाया जाएगा। बावजूद वर्तमान में रणजीत चौक, झंडा चौक, पुरानी पानी की टंकी क्षेत्र में अस्थाई रुप से कई दुकानें लग रही हैं। इससे स्थाई दुकानदारों को अपने ग्राहकों के लिए पार्किंग की जगह नहीं मिल पा रही है और जहां-तहां वाहन खड़े करने से यातायात खासा प्रभावित हो रहा है।