बैतूल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जैसे मनीषी ने अपने जीवन का पल-पल पार्टी संगठन को खड़ा करने में बलिदान कर दिया था। इस बार हम उनका जन्म शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। उन्हें श्रद्धांजलि देने का सबसे बेहतर तरीका यही है कि पार्टी का हर नेता, हर कार्यकर्ता संगठन विस्तार के लिए अपना समय दान करें। इसके लिए मध्यप्रदेश भाजपा ने 20 से 30 जनवरी के बीच बूथ विस्तारक अभियान तय किया है। यह विचार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार की दोपहर जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसी ना किसी बूथ पर योजनाबद्ध रूप से 10 दिन तक सक्रिय रहकर बूथ विस्तारक अभियान को सफल बनाने का काम करेंगे। सम्मेलन के दौरान सांसद दुर्गादास उइके, विधायक योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, जिला प्रभारी सुजीत जैन आदि नेता भी मंचासीन रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन करते हुए आगे कहा कि आज भारत के 70 प्रतिशत से अधिक भू-भाग पर निर्वाचित संस्थाओं में भाजपा के ही जनप्रतिनिधि विराजमान है। यह भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय होना चाहिए। लेकिन इस सफलता से हमें घमंड नहीं आना चाहिए क्योंकि घमंड आता है तो सत्ता दुरावस्था की ओर जा सकती। हमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता के माध्यम से गरीबों के जीवन को बदलने का काम कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि राष्ट्रवादी भाजपा को मिली सफलता से राष्ट्र विरोधी ताकते बेचैन हैं और देश के कई हिस्सों में जिसमें बैतूल जिला भी शामिल है, वहां लोगों को धर्म-संस्कृति और सभ्यता से विचलित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे समय में बूथ विस्तारक अभियान की महत्ता और बढ़ जाती है। हमारे सभी कार्यकर्ता बूथ विस्तारक अभियान को सफल बना कर राष्ट्र विरोधी ताकतों को भी परास्त कर सकते हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व सांसद सुभाष आहूजा, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, पूर्व विधायक रामजीलाल उइके, चंद्रशेखर देशमुख, मंगलसिंह धुर्वे, गीता उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सूरजलाल जावरकर, उपाध्यक्ष नरेश फाटे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बसंत बाबा माकोडे, हेमलता कुंभारे सहित जिले के समस्त 29 मंडलों से आए हुए सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा गुरुवार को अपने बैतूल प्रवास के दौरान अन्य पिछड़ा वर्ग के नेता एवं बैतूल गंज भाजपा मंडल के महामंत्री गीतेश बारस्कर के घर दोपहर भोजन करने पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों को दी सीखः
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर उन्हें दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच जो मेहनत करता है उससे पार्टी को भी मजबूती मिलती है। वर्तमान में जनप्रतिनिधि होने या पूर्व में जनप्रतिनिधि रहने के नाते भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। आप सभी अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए बूथ विस्तारक अभियान में अपना समय दें।
जिला पदाधिकारी सुनने का मानस बनाएं:
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के जिला पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को समाज के लिए सहज, सुलभ और सरल होना चाहिए। हम पार्टी में जिस भी पद पर हैं उसके अनुरूप हमारा व्यवहार भी होना चाहिए। एक दूसरे को मान सम्मान देना चाहिए। हमें राजनीति में सामूहिकता लाने का प्रयास करना चाहिए। सुनने का मानस बना कर कार्यप्रणाली में सुधार करने का प्रयास भी लगातार करते रहना चाहिए।