
कालीदास चौरासे
सारणी (बैतूल)। सारणी में एक और संदिग्ध डेंगू मरीज की मौत हो गई। प्रशासन अभी बालक की मौत का कारण डेंगू नहीं बता रही है लेकिन उसके परिजनों को प्रशासन की ओर से दो हजार रुपए की आर्थिक मदद जरूर की गई है।
डेंगू से लगातार मौतों और मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण पिछले दिनों सारणी में सांसद ज्योति धुर्वे व विधायक चेतराम मानेकर सहित बीजेपी नेताओं का स्थानीय लोगों ने घेराव किया था। वार्ड नंबर दो के लोगों ने यह प्रदर्शन किया था जिसके कारण उस दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची भी थी। इसके बाद भी वार्ड नंबर दो में डेंगू के रोगी लगातार बढ़ रहे हैं।
वार्ड नंबर दो की ही सुपर एफ कॉलोनी में रहने वाले यश वामनकर नामक तेरह साल के एक बालक की बुधवार को सुबह बैतूल जिला अस्पताल में मौत हो गई। करीब एक सप्ताह से यश बीमार था और उसकी जांच में डेंगू के लक्ष्ण मिले भी थे लेकिन प्रशासन अभी उसकी मौत की वजह डेंगू नहीं मान रही है। प्रशासन का कहना है कि उसकी मौत किसी और बीमारी के कारण हुई है।