
दिल्ली से मिली केंद्रीय स्कूल को शुरू करने की अनुमति
केंद्रीय विद्यालय में 8 जून से प्रारंभ होंगे दाखिले की प्रक्रिया
फोटो------6 बीटीएल 27
मुलताई। केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ होने की खुशी में लोगों ने बांटी मिठाईयां।
मुलताई। नवदुनिया न्यूज
पूरे देश में इस सत्र में चालू होने वाले 50 केंद्रीय विद्यालयों की सूची में आखिरकार मुलताई का भी नाम आ गया। इससे यह साफ हो गया कि मुलताई में भी इसी सत्र से केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ हो जाएगा। विधायक चंद्रशेखर देशमुख के अथक प्रयासों से इसी सत्र से केंद्रीय स्कूल में दाखिला भी शुरू हो जाएगा, फिलहाल एक्सीलेंस स्कूल में ही स्कूल प्रारंभ किया जाएगा।
मुलताई क्षेत्र के लोगों द्वारा पिछले तीन साल से लगातार केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करने की मांग की जा रही थी, केंद्रीय विद्यालय कभी भोपाल तो कभी दिल्ली के बीच झूल रहा था। इस पूरे मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश था कि मुलताई में केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करवाने में स्थानीय जनप्रतिनिधि फेल साबित हो रहे हैं, जिसके चलते लगातार ज्ञापन आदि का भी दौर चला था। केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ कराने के लिए विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था। उनके द्वारा लगातार भोपाल के दौरे किए जा रहे थे, वहीं सांसद ज्योति धुर्वे से भी उन्होंने आग्रह किया था कि मुलताई में प्रारंभ होने वाले केंद्रीय विद्यालय की अनुमति और नए स्कूलों की सूची में मुलताई का नाम शामिल होना चाहिए। विधायक के मीडिया प्रभारी चिंटू खन्ना ने बताया कि भोपाल से फाइल दिल्ली चली गई थी, जहां पर मुलताई के नाम पर मोहर लगी है और अब मुलताई में भी केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ होगा। चिंटू खन्ना ने बताया कि मुलताई के लोगों की यह जायज मांग थी, जिस पर विधायक द्वारा लगातार काम किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इसी सत्र से दाखिला और स्कूल भी प्रारंभ होगा।
कक्षा 1 से 5 तक मिलेगा दाखिला
केंद्रीय विद्यालय में इस सत्र में कक्षा 1 से 5 तक कक्षाएं शुरू की जा रही है। विधायक के मीडिया प्रभारी चिंटू खन्ना ने बताया कि दाखिला कराने के लिए पालक एक्सीलेंस स्कूल में संपर्क कर सकते हैं, इसके अलावा आन लाईन एडमीशिन भी करवाया जा सकता हैं। उन्होंने बताया कि इस सत्र के बाद अगले सत्र से प्रति सत्र एक कक्षा का उन्नयन केंद्रीय विद्यालय में होगा। जिससे अगले सात सालों में स्कूल कक्षा 12 वीं तक प्रारंभ हो जाएगा। वहीं जल्द से जल्द केंद्रीय विद्यालय का भवन भी बनाने का काम करवाया जाएगा।
8 जून से प्रारंभ होगी प्रक्रिया
केंद्रीय विद्यालय के प्रारंभ होने के जारी आदेश में बताया गया है कि 8 जून तक केंद्रीय विद्यालय के प्रारंभ होने एवं दाखिले का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके बाद 12 जून से 28 जून तक न्यूज फार्म बटेंगे एवं उनका रजिस्ट्रेशन होगा दाखिले के लिए,28 जून दाखिले की अंतिम तिथि है, 29 जून 3 जुलाई तक दाखिले की सूची जारी की जाएगी, जिसमें कक्षा एक से पांच तक किन बच्चों का दाखिला हुआ, उनके नाम अंकित होंगे,वहीं 5 जुलाई से स्कूल प्रारंभ कर दिया जाएगा।
सीएम और सांसद के प्रयासों से खुला केंद्रीय विद्यालय
केंद्रीय विद्यालय के नोटिफिकेशन जारी होने पर नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय सीएम शिवराज सिंह चौहान और सांसद ज्योति धुर्वे के अथक प्रयासों से प्रारंभ हो रहा हैं। सभापति हनि सरदार, बटनी बाई ने बताया कि नपा अध्यक्ष हेमंत शर्मा द्वारा भी केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करवाने के लिए कई बार सांसद और सीएम से आग्रह किया गया था, लगातार हेमंत शर्मा इसके लिए प्रयास कर रहे थे। केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ होने से पूरे क्षेत्र के बच्चों को इसका फायदा मिलेगा और प्रायवेट स्कूलों की मनमानी फीस से छुटकारा भी मिलेगा।
आदेश जारी हो गए...
केंद्रीय विद्यालय मुलताई के एक्सीलेंस स्कूल में प्रारंभ होगा, इसके लिए दिल्ली से आदेश जारी हो चुके हैं। दाखिले की प्रकिया भी बुधवार से प्रारंभ करवा दी जाएगी। -राजेश शाह एसडीएम मुलताई।