
बैतूल (ब्यूरो)। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस ओर गंभीर नहीं दिख रहा है। कल रात में डेंगू से पीड़ित एक बच्चे की नागपुर में मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक बैतूल के महावीर वार्ड निवासी अनिल चौबितकर के 5 वर्षीय पुत्र उचित चौबितकर को कुछ दिन पहले उल्टी-दस्त हुए। इसके बाद उन्होंने उचित को बैतूल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां स्वास्थ्य में सुधार न होने से बच्चे को पाढर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पाढर में भी ईलाज से कोई लाभ नहीं मिला तब बच्चे को नागपुर ले गए। नागपुर के चिकित्सकों ने जांच की तो बच्चे को डेंगू पॉजीटिव निकला। तब तक काफी देर हो चुकी थी और कल रात बच्चे की मौत हो गई।