
बैतूल(ब्यूरो)। जिले के पश्चिम वनमंडल में सांवलीगढ़ रेंज के बोड़रैय्यत और पीपलबर्रा में रहने वाले आशियाने उजाड़ने और उनकी फसलों को चौपट करने से नाराज होकर आदिवासी अपने परिवार समेत बैलगाड़ियों से करीब 50 किलोमीटर का सफर तय कर बैतूल पहुंचे। नगर के प्रमुख मार्ग से आदिवासियों ने रैली निकाली और बेमुद्दत धरना आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। आदिवासियों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश न करने देने के लिये प्रशासन ने सभी गेटों पर ताले जड़ दिये। इससे नाराज होकर आदिवासियों ने मुख्य गेट के सामने ही धरना शुरू कर दिया है। समाजवादी जन परिषद की अगुवाई में बोड़ और पीपलबर्रा के 45 परिवार बैलगाड़ियों में अपना पूरा डेरा रखकर गुरूवार की सुबह गांव से निकल पड़े थे। शुक्रवार की शाम 4 बजे वे बैतूल पहुंचे और गंज क्षेत्र से रैली के रूप में कोठीबाजार के लल्ली चौक से सीधे कलेक्टर कार्यालय के समक्ष पहुंचे। आदिवासियों की भारी संख्या को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कलेक्ट्रेट के आसपास कर दी गई और इनका कलेक्ट्रेट में प्रवेश रोकने के लिये तीनों गेटों पर ताले लगा दिये गए। कोठीबाजार के लल्ली चौक पर आदिवासियों की नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी जन परिषद के राजेन्द्र गढ़वाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से अंग्रेजी शासन चला रहा है। आदिवासियों को वनाधिकार कानून का लाभ देने की बजाय उनके झोपड़े उजाड़ रहा है और फसल पर जेसीबी चलाकर भूखे मरने के लिये विवश कर रहा है। हद तो यह है कि आदिवासियों के पीने के पानी के स्त्रोतों में जहर मिला दिया गया ताकि वे बेमौत मर जाएं। बोड़ में झोपड़ी और फसल नष्ट करने से आहत आदिवासी मंगल ने कहा कि प्रशासन ने बल पूर्वक उनके घर उजाड़ दिये हैं। हम अपना हक मांग रहे हैं जो कानून ने दिये हैं। हम किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं छोड़ेगे भले ही इसके लिये हमें अपनी जान क्यों न देनी पड़े। ग्राम इमलीडोह की सुखिया बाई ने कहा कि हमारे घर और फसल उजाड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए और हमें अपने घर बनाकर दिये जाएं।मौके पर पहुंचे एसडीएम संजीव केशव पांडे से आदिवासियों ने कहा कि वे कलेक्टर और एसपी को बुलाएं ताकि हम चर्चा कर सकें। यदि वे नहीं आते हैं तो हम अपना बेमुद्दत धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। आदिवासियों ने एसडीएम को भी खूब खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि आपकी मौजूदगी में पीने के पानी में जहर मिलाया जा रहा था। आप सब देख रहे थे और हमारे झोपड़े और फसल जेसीबी से रौंदी जा रही थी। अब हम मांग कर रहे हैं कि जिन्होंने ऐसा किया है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करो तो आप कुछ नहीं कर रहे हैं।