
कालीदास चौरासे
सारणी (बैतूल)। सारणी के पास एक गांव की महिला की डेंगू से मौत हो गई। इस मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में पहुंच गई हैं।
जानकारी के मुताबिक सारणी के पास ग्राम निश्चिंतपुर में रहने वाले ठाकुर बैरागी की 38 साल की पत्नी अदौरी को कुछ दिनों से बुखार था। इसके बाद उसे डॉक्टरों ने डेंगू बताकर नागपुर रेफर कर दिया जहां आज उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि निश्चिंतपुर के अलावा शोभापुर, पाथाखेड़ा, तिखानपाटी व आसपास के कई गांव में बुखार के कई मरीज मिल रहे हैं। अकेले तिखानपाटी में तीन डेंगू के मरीज पहचाने जा चुके हैं जिनका इलाज हुआ है। अदौरी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव में पहुंच गई है और वहां ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।