MP में भारी बारिश से उफान पर नदी-नाले, सतपुड़ा डैम के 7 गेट छह फीट ऊंचाई पर खोले, कई रास्ते बंद
Monsoon Update: पिछले 24 घंटे में बैतूल में एक इंच से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट और 29 जुलाई तक यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार वर्षा से नदियों में उफान की स्थिति बन गई है। चिचोली ब्लाक में दो नदियों का पानी पुल पर आने से रास्ते बंद हो गए हैं।
Publish Date: Sat, 26 Jul 2025 07:51:48 PM (IST)
Updated Date: Sun, 27 Jul 2025 08:01:00 AM (IST)
चिचोली से पाढर जाने वाले मार्ग पर माचना नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही वर्षा ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटे में बैतूल में एक इंच से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट और 29 जुलाई तक यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार वर्षा से नदियों में उफान की स्थिति बन गई है। चिचोली ब्लाक में दो नदियों का पानी पुल पर आने से रास्ते बंद हो गए हैं।
उफान पर मोरंड नदी
चिचोली से राजेंद्र दुबे ने बताया कि तेज वर्षा से चिचोली–हरदु मार्ग पर मोरंड नदी उफान पर आ गई। इससे पुल पर पानी आने से चिचोली, चुडिया हरदू मार्ग सुबह से बंद हो गया है। इसके साथ ही चिचोली–पाढ़र मार्ग पर मलाजपुर कटकुही के पास माचना नदी के रपटे पर बाढ़ का पानी आने से आवागमन शनिवार सुबह से देर शाम तक बंद रहा।
- लगातार वर्षा के चलते सतपुड़ा बांध क्षेत्र में तीन इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिसके बाद प्रबंधन ने सात गेट खोलने का निर्णय लिया।
- वर्तमान में गेट छह-छह फुट तक खोले गए हैं, जिनसे लगभग 32 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
- शुक्रवार को गेट तीन-तीन फुट खोले गए थे, जिनसे 17 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
- शनिवार देर रात दो बजे गेटों की ऊंचाई बढ़ाने से बांध का जलस्तर 1430 फीट से घटकर 1429.50 फीट तक पहुंचा।
- निचले क्षेत्रों में तवा नदी का जलस्तर बढ़ा है, हालांकि अभी तक किसी इलाके में बाढ़ या खतरे की स्थिति नहीं बनी है।
- सतपुड़ा से छोड़े गए पानी के कारण तवा बांध में भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
घोड़ाडोंगरी में हुई सबसे ज्यादा 57 मिमी वर्षा
जिले में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा वर्षा घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में हुई, जहां 57 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यहां अब तक 767 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो इस सीजन की कुल वर्षा का 70 फीसदी से अधिक है। जिले में अब तक कुल 435.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि बैतूल जिले की औसत वर्षा 1083.9 मिमी है। लगातार हो रही वर्षा से किसानों के खेतों में पानी भर गया है, जिससे खरीफ फसलों को राहत मिलने की उम्मीद है।